धूप, कड़ाके की ठंड और कोहरा

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली का मौसम इस समय सभी मॉडल को फेल कर रहा है। इसके चलते पूर्वानुमान भी अधिक सटीक नहीं हो पा रहे हैं। बीते गुरुवार को पूर्वानुमान था कि आज का तापमान 21 डिग्री तक रहेगा। लेकिन इसके विपरीत ठंड ने वापसी कर ली है। आज सुबह से ही बर्फीली हवाएं चल रही हैं। इसके अलावा कई इलाकों में घना कोहरा भी छाया हुआ है। मौसम विभाग ने 20 जनवरी को शीतलहर और 21 जनवरी को राजधानी में येलो अलर्ट जारी किया गया है। आज और कल ठंड के साथ कोहरा भी परेशान करेगा।

शुक्रवार सुबह जब लोग सो कर उठे तो मौसम के मिजाज से उन्हें अंदाजा हो गया था कि ठंड ने वापसी कर ली है। आज का दिन काफी ठंडा रहने वाला है। हवाएं भी काफी ठंडी चल रही थीं। अधिकांश इलाकों में धूप 12 से एक बजे तक ही निकली। वह भी काफी हल्की रही। शुक्रवार को कुछ इलाकों में शीत लहर ने भी वापसी कर ली। इस बार शीत लहर ने दिन में वापसी की है।

अधिकतम तापमान महज 14.2 रहा। यह सामान्य से पांच डिग्री कम रहा। वहीं अधिकतम तापमान 7.1 डिग्री रहा। यह सामान्य से एक डिग्री कम रहा। हवा में नमी का स्तर 56 से 97 प्रतिशत रहा। लोदी रोड का अधिकतम तापमान 13 डिग्री, रिज का अधिकतम तापमान 14.2, आया नगर का 14.1, गुरुग्राम का 11.7 डिग्री, फरीदाबाद का महज 10.6 डिग्री, गाजियाबाद का 10.8 डिग्री, नरेला का 14.5 डिग्री, नोएडा का 12.6 डिग्री, पूसा का 14.7 डिग्री और मयूर विहार का 11.9 डिग्री रहा।

पूर्वानुमान के अनुसार शनिवार को आसमान साफ रहेगा। सुबह के समय घने से अति घना कोहरा रह सकता है। कुछ इलाकों में दिन के समय शीत लहर रहेगी। अधिकतम तापमान 15 और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री तक रह सकता है। ठंड व कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 21 जनवरी को भी येलो अलर्ट है। कुछ जगहों पर शीत लहर रह सकती है। अधिकतम तापमान 16 और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री तक रह सकता है।

कोहरा कम रहेगा। मध्यम दर्जे का कोहरा रह सकता है। 22 जनवरी से 23 जनवरी को अधिकतम तापमान 17 से 19 डिग्री और न्यूनतम तापमान 6 से 7 डिग्री तक रह सकता है। सुबह के समय मध्यम से घना कोहरा रहने की संभावना है। इसके बाद 24 व 25 जनवरी को अधिकतम तापमान 20 और न्यूनतम तापमान 7 से 8 डिग्री तक रह सकता है। सुबह के समय मध्यम से घना कोहरा रहेगा।

स्काईमेट के अनुसार राजधानी का मौसम नए नए रंग दिखा रहा है। पिछले कुछ दिनों से धूप खिल रही थी। इसकी वजह से दोपहर में सर्दी से राहत थी। गुरुवार को सूरज दोपहर में निकला था। अब शुक्रवार को धूप काफी हल्की व काफी कम देर के लिए आई। इसकी वजह से अधिकतम तापमान महज 14.2 डिग्री रहा। वेस्टर्न डिस्टरबेंस पहाड़ों से गुजर चुका है। इसकी वजह से ठंडी हवाएं लौट रही है। रात के तापमान में गिरावट आ सकती है और वीकेंड पर यह सामान्य से नीचे रहने की संभावना है।

वीकेंड पर आसमान में धुंध की स्थिति रहने की संभावना है। शनिवार और रविवार को दिन के समय शीत लहर रह सकती है। अब 26 जनवरी तक कोई वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रीय होने के आसार नहीं है। 26 जनवरी के तुरंत बाद एक मध्यम सिस्टम पहाड़ों पर आ सकता है। इसका असर सिर्फ पहाड़ी राज्यों तक सीमित रहेगा। ऐसे में दिल्ली एनसीआर में शुष्क मौसम ही बना रहेगा। पूरी जनवरी लगभग शुष्क रह सकती है।

आईजीआई एयरपोर्ट पर शुक्रवार को भी कोहरे के कारण लगभग 120 से अधिक डोमेस्टिक और इंटरनैशनल फ्लाइट्स प्रभावित हुईं। आधा दर्जन से अधिक डोमेस्टिक फ्लाइट को कैंसल भी करना पड़ा। कोहरे के कारण जहां कई डोमेस्टिक फ्लाइट्स ने 5 से 8 घंटे की देरी से उड़ान भरी। वहीं, इंटरनैशनल फ्लाइट्स ने भी चार घंटे से लेकर 10 की देरी से उड़ान भरी। फ्लाइट्स लेट होने के कारण लगातार एयरपोर्ट आने वाले यात्री परेशान हो रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *