मौसमः आंधी-बारिश का अनुमान

नई दिल्ली। पंजाब और हरियाणा के ऊपर बना एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र प्री-मानसून गतिविधि को प्रेरित करेगा, जिससे सोमवार और मंगलवार को भीषण गर्मी से मिलेगी कुछ राहत। राष्ट्रीय राजधानी में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, धूल भरी तेज आंधी चलने की भी संभावना है।

राजधानी में अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 41 और 28 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है। इसके बाद बुधवार व बृहस्पति को आसमान तो साफ रहेगा लेकिन राजधानीवासियों को तेज धूप व लू का सामना करना पड़ेगा।

मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। दिल्‍ली के लिए रविवार का दिन इस सीजन में सबसे गर्म रहा। मंगेशपुर और नजफगढ़ में तो पारा 49 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया। इतना तापमान आजतक दिल्ली में कभी दर्ज नहीं हुआ।

मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार और मंगलवार को गर्मी से राहत मिल सकती है। आज दिल्ली एनसीआर में बादल छाएं रहेंगे। धूल भरी आंधी आ सकती है। इस कारण से तापमान 41 डिग्री तक सिमटने का अनुमान है। लेकिन 18 मई के बाद गर्मी का प्रभाव एक बार फिर से बढ़ेगा।

पंजाब, हरियाणा और उत्तर भारत के कुछ इलाके में गरज चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। ज्यादातर हिस्सों में धूलभरी आंधी चलने की संभावना है। राजधानी दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में धूलभरी आंधी चलेगी। राजस्थान, मध्य प्रदेश, दक्षिण उत्तर प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली में अभी गर्मी जारी रहेगी। विदर्भ, उत्तर मध्य महाराष्ट्र और गुजरात में भी गर्मी का कहर जारी रहेगा।

मौसम विभाग के अनुसार, वेस्टर्न डिस्टरबेंस की वजह से राजधानी में बादल देखने को मिलेंगे। इनकी वजह से धूल भरी हवाएं भी चल सकती हैं। तापमान कम होकर 41 डिग्री पर सिमट सकता है, लेकिन न्यूनतम तापमान बढ़कर 28 डिग्री पर पहुंच सकता है। लेकिन यह राहत लंबे समय तक नहीं होगी।

18 मई से एक बार फिर तापमान बढ़ना शुरू हो जाएगा और यह 19 और 20 मई के आसपास 44 से 45 डिग्री तक पहुचं जाएगा। इसके बाद 21 मई से एक बार फिर वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर दिख सकता है और तापमान कम होकर 41 डिग्री तक सिमट सकता है।

हिमाचल प्रदेश में लोगों को चुभती गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार से प्रदेश में आंधी और ओलावृष्टि हो सकती है। कई जिलों के लिए जारी किया अलर्ट। कुछ स्थानों पर बारिश भी हो सकती है। रविवार को भी मौसम में बदलाव की संभावना जताई गई थी लेकिन असर नहीं हुआ। रविवार प्रदेश में इस सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया।

पंजाब में रविवार को सात जिलों में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचा। मुक्तसर पंजाब में सबसे गर्म रहा और यहां अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। मौसम वभाग के अनुसार सोमवार को गर्मी से राहत मिल सकती है। हिमाचल में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से माझा और दोआबा क्षेत्र में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से धूल भरी आंधी चलने और गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक सिक्किम, पश्चिम बंगाल, आंतरिक तमिलनाडु और लक्षद्वीप में अगले 24 घंटे के दौरान भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा उत्तर पूर्वी बिहार, छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों और कर्नाटक में हल्की बारिश की संभावना है। ओडिशा, दक्षिण मध्य महाराष्ट्र, तेलंगाना और पश्चमी हिमालयी क्षेत्र में भी हल्की बारिश हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *