जुलाई से 1 करोड़ लोगों को रोजाना लगेेगा टीका

नई दिल्ली। आइसीएमआर के महानिदेशक डॉ. बलराम भार्गव ने कहा कि कोविशील्ड खुराक लगाने के शेड्यूल में बिल्कुल कोई बदलाव नहीं किया गया है। यह केवल दो खुराक होगी। कोविशील्ड की पहली खुराक देने के बाद 12 सप्ताह के बाद दूसरी खुराक दी जाएगी। वही शेड्यूल कोवैक्सिन पर लागू होता है।

उन्होंने कहा कि देश में वैक्सीन की कोई कमी नहीं है। जुलाई के मध्य या अगस्त तक हमारे पास प्रतिदिन 1 करोड़ लोगों को टीका लगाने के लिए पर्याप्त खुराक होगी। हमें दिसंबर तक पूरी आबादी का टीकाकरण करने का भरोसा है।

नीति आयोग के सदस्य डा. बीके पॉल ने कहा कि हमारा ध्यान बच्चों को होने वाली कोविड रोग आकर्षित कर रहा है। बच्चों की बड़ी आबादी आमतौर पर स्पर्शोन्मुख (एसिंपोमैटिक) है। उन्हें अक्सर संक्रमण हो जाता है, लेकिन उनके लक्षण न्यूनतम या शून्य होते हैं। बच्चों में संक्रमण ने गंभीर रूप नहीं लिया, लेकिन वायरस बच्चों की आबादी में अपना व्यवहार बदल सकता है। बच्चों में कोरोना का प्रभाव बढ़ सकता है।

आंकड़ों से पता चला है कि कम संख्या में बच्चों को अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है। अस्पताल में भर्ती होने की आवश्यकता नहीं होती है। लेकिन अगर वायरस अपना व्यवहार बदलता है, तो यह स्थिति बदल सकती है। हम तैयारियों को आगे बढ़ा रहे हैं। बच्चों के लिए वैक्सीन का ट्रायल चल रहा है।

स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कहा कि देश में 29 राज्य और केंद्रशासित प्रदेश ऐसे हैं जहां प्रतिदिन 5000 से कम मामले दर्ज किए जा रहे हैं। 28 अप्रैल से 4 मई के बीच देश में 531 ऐसे ज़िले थे जहां प्रतिदिन 100 से अधिक मामले दर्ज किए जा रहे थे। ऐसे जिले अब 295 रह गए हैं। 3 मई को देश में 17.13 फीसद थे अब वह सिर्फ 6.73 फीसद रह गए हैं। सक्रिय मामलों में लगातार गिरावट दर्ज़ की गई है।

आज एक दिन में देश में 1.3 लाख सक्रिय मामलों में कमी दर्ज़ की गई है। 16-22 फरवरी के बीच प्रतिदिन देश में 7.7 लाख टेस्ट प्रतिदिन किए जा रहे थे। अब हम लगभग 20 लाख टेस्ट प्रतिदिन कर रहे हैं। अब तक हम देश में कुल 34.67 करोड़ टेस्ट कर चुके हैं। पिछले 24 घंटे में देश में पॉजिटिविटी रेट 6.62 फीसद दर्ज़ की गई है। देश में 34 राज्य और केंद्र शासित प्रदेश ऐसे हैं जहां पॉजिटिविटी रेट में लगातार कमी दर्ज़ की जा रही है।

उन्होंने कहा कि पिछले 24 घंटे में 1,27,000 मामले सामने आए हैं। 28 मई के बाद से, देश में 2 लाख से कम मामले सामने आ रहे हैं। देश में संक्रमण में कमी आई है। रिकवर मामले अब दैनिक मामलों की तुलना में अधिक हैं। अब ठीक होने वालों की संख्या बढ़कर 92 फीसद हो गई है।

लव अग्रवाल ने कहा कि देश में कुल 21.60 करोड़ वैक्सीन खुराक लगाई जा चुकी है। इसमें स्वास्थ्य कर्मियों को 1.67 करोड़ खुराक, अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं को 2.42 करोड़, 45+ आयु वर्ग के लोगों को 15.48 करोड़, जबकि 18-44 आयु वर्ग के लोगों के लिए 2.03 करोड़ खुराक लगाई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *