रुद्रप्रयाग : विश्व प्रसिद्ध भगवान केदारनाथ धाम की यात्रा इस वर्ष ऐतिहासिक ऊंचाइयों को छू रही है. बाबा केदार के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था और विश्वास का ऐसा अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है कि यात्रा ने महज 39 दिनों में 10 लाख यात्रियों का आंकड़ा पार कर नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है. उत्तराखंड की चारधाम यात्रा के इतिहास में यह उपलब्धि बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है. इससे पहले कभी भी इतनी कम अवधि में इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालु केदारनाथ धाम नहीं पहुंचे थे.
22 अप्रैल को वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच भगवान केदारनाथ के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले गए थे. कपाट खुलने के साथ ही देश-विदेश से भक्तों का सैलाब बाबा के दरबार की ओर उमड़ पड़ा. देखते ही देखते यात्रा ने नए आयाम स्थापित करने शुरू कर दिए और अब मात्र 39 दिनों में दस लाख श्रद्धालुओं के दर्शन करने के साथ नया इतिहास रच दिया है.
धाम में इन दिनों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है. सुबह से देर शाम तक मंदिर परिसर “हर-हर महादेव” और “जय बाबा केदार” के जयघोषों से गूंज रहा है. श्रद्धालु घंटों कतारों में खड़े होकर बाबा केदार के दर्शन कर स्वयं को धन्य महसूस कर रहे हैं. यात्रा मार्ग पर भी भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा है. गौरीकुंड से लेकर केदारपुरी तक हर ओर आस्था का जनसैलाब दिखाई दे रहा है.
एसपी नीहारिका तोमर ने बताया कि यात्रा मार्ग पर पुलिस, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग, प्रशासन और अन्य एजेंसियां पूरी मुस्तैदी के साथ कार्य कर रही हैं. श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए हर स्तर पर निगरानी रखी जा रही है. पुलिस कर्मी केवल सुरक्षा ही नहीं बल्कि यात्रियों की सहायता, मार्गदर्शन और आपात स्थितियों में राहत कार्यों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं. पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यात्रा मार्ग पर हुड़दंग, मारपीट या किसी भी प्रकार की अराजक गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
सोशल मीडिया और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है. वहीं अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ भी सख्त अभियान चलाया जा रहा है. अब तक कई मामलों में लाखों रुपये मूल्य की अवैध शराब बरामद कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है. इस वर्ष देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं. कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और चुनौतीपूर्ण मौसम के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ है.
भक्तों का कहना है कि बाबा केदार के दर्शन का आध्यात्मिक अनुभव उन्हें बार-बार यहां आने के लिए प्रेरित करता है. यात्रा के शुरुआती 39 दिनों में ही दस लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने से यह अनुमान लगाया जा रहा है कि इस वर्ष केदारनाथ यात्रा पिछले सभी रिकॉर्ड ध्वस्त कर सकती है. यदि यही रफ्तार जारी रही तो यात्रा सीजन समाप्त होने तक श्रद्धालुओं की संख्या नए ऐतिहासिक आंकड़ों को छू सकती है. प्रशासन, पुलिस और मंदिर समिति भी संभावित बढ़ती भीड़ को देखते हुए व्यवस्थाओं को लगातार मजबूत करने में जुटी हुई है.
बाबा केदार के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था, प्रशासन की बेहतर व्यवस्थाएं और अनुकूल यात्रा प्रबंधन ने इस वर्ष की केदारनाथ यात्रा को ऐतिहासिक बना दिया है. 39 दिनों में दस लाख श्रद्धालुओं का आंकड़ा पार होना न केवल एक रिकॉर्ड है, बल्कि यह भगवान केदारनाथ के प्रति करोड़ों श्रद्धालुओं की असीम श्रद्धा और विश्वास का जीवंत प्रमाण भी है.
