दिल्ली :दिल्ली सहित उत्तर भारत के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों में भीषण गर्मी पड़ने की आशंका है। तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। राजस्थान, पंजाब और हरियाणा में गर्मी का कहर देखने को मिल सकता है। इस बीच मौसम विभाग (IMD) ने देश के 17 राज्यों में भारी बारिश, आंधी-तूफान, तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है। 18 मई से मध्य प्रदेश और विदर्भ सहित 17 राज्यों में तेज हवाओं और ओलावृष्टि के साथ मध्यम बारिश का अलर्ट है। पूर्वोत्तर के राज्यों असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, अरुणाचल प्रदेश और त्रिपुरा शामिल में 18 मई को बिजली और गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।
अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान है। अंडमान-निकोबार में 18 मई को बहुत भारी बारिश और तेज तूफानी हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। झारखंड में 19 और 20 मई को तेज आंधी चल सकती है। उत्तर-पश्चिम भारत में जम्मू-कश्मीर में 19 और 20 मई को हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं की संभावना है। महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में भी गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।मौसम विभाग ने दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और गरज-चमक हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई है। इस दौरान तेज हवाओं के साथ आंधी चलने की भी संभावना है। मौसम विभाग ने इस दौरान लोगों को संभलकर रहने की चेतावनी जारी की है। दिल्ली के साथ-साथ एनसीआर क्षेत्र में भी आज मौसम बिगड़ सकता है।
अगले 24 घंटे के दौरान उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में ऊष्ण लहर चलने का अनुमान है। प्रयागराज, गाजीपुर, उरई और आगरा में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया जा सकता है, जबकि इटावा और मेरठ में न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रह सकता है।भागलपुर, पूर्णिया, सहरसा, सुपौल,कटिहार, अररिया, मुंगेर, खगड़िया, दरभंगा और मधुबनी में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है। पटना में 18 मई को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस पहुंचेगा तो न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा।
राजस्थान के अधिकतर इलाकों में इस हफ्ते मौसम शुष्क रहेगा। तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों में अधिकतम तापमान आने वाले दिनों में फिर से 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। कुछ स्थानों पर लू की स्थिति बन सकती है। मौसम विभाग ने यह भी भविष्यवाणी की है कि 18 से 22 मई के बीच पश्चिमी और उत्तरी हिस्सों में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सतही हवाएं चल सकती हैं। छत्तीसगढ़ में अचानक मौसम बदलने से आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश देखी जा रही है। राज्य में 18 और 19 मई को अचानक मौसम बदलने से रायपुर सहित छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। आंधी-तूफान के कारण पेड़ उखड़ सकते हैं। मौसम विभाग ने लगातार बारिश और बादलों के छाए रहने का अनुमान लगाया है।
झारखंड में 18 से 23 मई तक हल्की से मध्यम बारिश, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। गढ़वा, पलामू, लातेहार, चतरा, कोडरमा और हजारीबाग को छोड़कर राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। 21 मई को राज्य भर में हल्की से मध्यम बारिश, गरज, बिजली कड़कने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है, जबकि 21 से 23 मई तक गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार को छोड़कर राज्य के कई हिस्सों में बारिश होगी। नैनीताल, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, पौड़ी गढ़वाल, हरिद्वार,ऋषिकेश, अल्मोड़ा और उधमसिंह नगर में भारी बारिश और तेज हवा का अलर्ट है। इस दौरान 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से हवा चलेगी। देहरादून में 18 मई को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचेगा और न्यूनतम तापमान गिरकर 26 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा।
पश्चिम बंगाल के दक्षिणी इलाकों में गरज के साथ बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान कोलकाता में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया जा सकता है। कोलकाता में हल्की बारिश और गरज के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है। हावड़ा, हुगली, दक्षिण 24 परगना, पूर्वी और पश्चिमी मेदिनीपुर, बांकुड़ा और पूर्वी बर्धमान में भी इसी तरह के मौसम का पूर्वानुमान है। नदिया, मुर्शिदाबाद, उत्तर 24 परगना, बीरभूम, पुरुलिया और झाड़ग्राम जैसे जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती है। शिमला, कांगड़ा, सोलन, सिरमौर, ऊना, किन्नौर और चंबा में हल्की बारिश की चेतावनी है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। 18 मई को मनाली में अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
तेलंगाना के कई हिस्सों में अगले 7 दिनों तक लू चलने की चेतावनी है। हैदराबाद मौसम केंद्र के मुताबिक अगले 3 दिनों में राज्य में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री बढ़ सकता है। आशंका है कि 19 मई से 24 मई के बीच कुछ जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है। IMD के मुताबिक, 18 मई को आदिलाबाद, कुमारम भीम आसिफाबाद, मंचेरियल, निर्मल, निजामाबाद, जगत्याल और राजन्ना सिरसिल्ला जिलों के कुछ इलाकों में भीषण लू चलने की संभावना है। इन जिलों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा सकता है। ओडिशा में अगले 4 दिनों में ओडिशा में अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने का अनुमान है। हालांकि, इस बीच मौसम विभाग ने क्योंझर, मयूरभंज, बालासोर, गजपति और गंजाम जिलों के लिए गरज के साथ बूंदाबांदी होने की चेतावनी जारी की है।
तमिलनाडु के 5 जिलों में अगले 5 दिनों (22 मई) तक भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक 18 मई को थेनी, डिंडीगुल, मदुरै, कोयंबटूर और नीलगिरि जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। इसके साथ ही करूर, तिरुचिरापल्ली (त्रिची) और शिवगंगा में भी बारिश हो सकती है। बारिश के दौरान 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं, दक्षिण तमिलनाडु के तटीय इलाकों, मन्नार की खाड़ी, कन्याकुमारी समुद्री क्षेत्र, अंडमान सागर और दक्षिण बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चलने की संभावना है।
केरल के कई हिस्सों में भारी बारिश के बीच आईएमडी ने पथनमथिट्टा और अलप्पुझा जिलों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, कोट्टायम, एर्नाकुलम, इडुक्की, कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड समेत कई जिलों में ‘येलो अलर्ट’ है। केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने भूस्खलन और बाढ़ संभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है। लोगों को नदियों, जलाशयों और पहाड़ी इलाकों से दूर रहने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह भी दी गई है।

