चारधाम :15 लाख के पार पहुंचा श्रद्धालुओं का आंकड़ा

रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड में चारधाम यात्रा जोरों शोरों से चल रही है. हर दिन हजारों यात्री चारधामों में पहुंच रहे हैं. यहीं कारण है कि एक महीना होने से पहले ही चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं का आंकड़ा 15 लाख के पार पहुंच गया है. सबसे अधिक श्रद्धालु केदारनाथ पहुंच रहे हैं, जबकि यहां की यात्रा सबसे मुश्किल है. इसके बाद भी हर हजारों श्रद्धालु बाबा के जयकारे लगाते हुए केदारनाथ धाम पहुंच रहे हैं.

यमुनोत्री धाम में आज यानी 17 मई को 15,030 श्रद्धालुओं ने मां यमुना के दर पर हाजिरी लगाई. अभी तक यमुनोत्री धाम में 262275 श्रद्धालु मां यमुना के दर्शन कर आशीर्वाद ले चुके हैं.गंगोत्री धाम में आज यानी 17 मई को 13,737 श्रद्धालुओं ने गंगोत्री धाम पहुंचकर मां गंगा के दर्शन किए. अभी तक 258716 श्रद्धालु गंगोत्री धाम पहुंचे चुके हैं. केदारनाथ धाम में आज यानी 17 मई को 29,370 श्रद्धालु बाबा केदार के दर पर पहुंचे. इनमें से पुरुष 18342, महिलाएं 10938, बच्चे 90 शामिल रहे. अभी तक 635022 श्रद्धालु हिमालय की गोद में बसे बाबा केदार के दर पर हाजिरी लगा चुके हैं.

बदरीनाथ धाम में आज यानी 17 मई को 19,094 श्रद्धालुओं ने बदरीनाथ धाम पहुंचकर भू बैकुंठ भगवान बदरी विशाल के दर्शन किए. अभी तक बदरीनाथ धाम में 40,7659 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं. वहीं, अभी तक चारों धाम में 15,63,672 श्रद्धालु पहुंच चुके हैं. केदारनाथ धाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र उत्तराखण्ड राजीव स्वरूप ने रविवार को केदारनाथ धाम पहुंचकर यात्रा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया. उन्होंने मंदिर परिसर, आस्था पथ, लाइन व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की एंट्री-एग्जिट व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया.

साथ ही सुगम दर्शन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. निरीक्षण के दौरान आईजी गढ़वाल ने ड्यूटीरत पुलिस जवानों से संवाद कर उनकी कार्य चुनौतियों और व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया. उन्होंने पुलिस कर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि बाबा केदार की सेवा का अवसर मिलना सौभाग्य की बात है. उन्होंने कहा कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु वर्षों की मनोकामना लेकर धाम पहुंचते हैं, इसलिए उनकी भावनाओं का सम्मान करते हुए पुलिस को सेवा भाव से कार्य करना चाहिए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *