दौसा : जिले में बुधवार तड़के दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक दिल दहला देने वाला हादसा घटित हुआ. कोलवा थाना क्षेत्र के धनावड़ के पास जीरो प्वाइंट पर ऋषिकेश से इंदौर जा रही एक स्लीपर बस आगे चल रहे ट्रक में जा भिड़ी, इसके बाद बस में भीषण आग लग गई. इस दर्दनाक हादसे में अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 29 यात्री घायल हुए हैं. हादसा इतना भयावह था कि एक्सप्रेसवे पर चारों ओर चीख-पुकार मच गई और सड़क खून से लाल हो गई. कई शवों के चिथड़े घटनास्थल पर बिखरे मिले.
पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया. उन्होंने बताया कि हादसे में 29 लोग घायल हुए हैं. इनमें बच्चे भी शामिल हैं, जिनका इलाज दौसा जिला अस्पताल में जारी है. इनमें से 9 घायलों की पहचान भी हो चुकी है. प्रारंभिक जांच में पुलिस ने आशंका जताई है कि बस चालक को नींद की झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ. हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है.
दौसा एडिशनल एसपी योगेंद्र फौजदार ने बताया कि घटनाक्रम रात करीब 3 बजे के आसपास का है. हादसे में अब तक 6 लोगों के शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया जा चुका है. मामुली घायलों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है. उन्होंने बताया कि घायलों को अभी मृतकों के बारे में जानकारी नहीं दी गई है. एडिशनल एसपी ने बताया कि बस में 39 से अधिक सवारियां होने का अनुमान लगाया है. हालांकि इसकी अभी पुष्टि नहीं हो पाई है. हादसे के दौरान आगे चल ट्रेलर का चालक और खलासी भी घायल हुए हैं.
जानकारी के अनुसार, हादसा शुक्रवार तड़के करीब 3 बजे हुआ. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और देखते ही देखते उसमें आग लग गई. बस में फंसे 6 यात्रियों की जिंदा जलने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 अन्य यात्रियों ने सिर में गंभीर चोट लगने के कारण दम तोड़ दिया. हादसे की सूचना मिलते ही जिला पुलिस प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया.
इस दर्दनाक हादसे के बाद राहत कार्य को लेकर गंभीर सवाल भी खड़े हो गए हैं. स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि दुर्घटना की सूचना पुलिस और एक्सप्रेसवे प्रबंधन को तत्काल दे दी गई थी, लेकिन करीब एक घंटे तक फायर ब्रिगेड मौके पर नहीं पहुंची. ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय पर राहत और बचाव कार्य शुरू हो जाता तो बस में फंसे कई यात्रियों की जान बचाई जा सकती थी.
उनका दावा है कि मदद के इंतजार में यात्री बस के भीतर ही फंसे रहे, जिससे पांच लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई. फिलहाल पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है, जबकि घायलों का उपचार जारी है. प्रशासन दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रहा है.
हादसे को लेकर सीएम भजनलाल शर्मा ने एक्स पर पोस्ट पर दुख जताया. उन्होंने लिखा कि दौसा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुई सड़क दुर्घटना में जनहानि का समाचार पीड़ादायक है. ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों को यह अपार दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें. घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं. दौसा सांसद मुरारीलाल मीना ने भी दुख प्रकट किया है. साथ ही सरकार से पैसेंजरों की सुरक्षा को लेकर काम करने की बात कही है.
