देहरादून: पिथौरागढ़ में आयोजित ‘परिवर्तन संकल्प सम्मेलन’ के दौरान अनुशासनहीनता पर कांग्रेस पार्टी ने बड़ा एक्शन लिया है. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल की मौजूदगी के दौरान मंच पर हुए असहजता मामले पर 3 पार्टी नेताओं पर अनुशासन का चाबुक चलाया गया है. प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने इसे घोर अनुशासनहीनता माना है, जिसके चलते तीनों नेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया है. साथ ही उन्हें 3 दिन के भीतर स्पष्टीकरण देने को कहा है. वहीं, पिथौरागढ़ जिला महिला कांग्रेस की जिला कार्यकारिणी को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया गया है.
उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री राजेंद्र सिंह भंडारी ने बताया कि कांग्रेस पार्टी की ओर से पूरे प्रदेश में परिवर्तन संकल्प सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में पिथौरागढ़ में परिवर्तन संकल्प सम्मेलन का आयोजन किया गया था. जहां पर पार्टी नेता महेंद्र सिंह लुंठी, दीपक और महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष भावना नगरकोटी ने अनुशासनहीनता करते हुए मंच से अभद्रता की, जिसे पार्टी नेतृत्व ने गंभीरता से लिया है. तीनों नेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिनों के भीतर अपना स्पष्टीकरण दिए जाने को कहा गया है.
फिलहाल, इन तीनों नेताओं को अनुशासनहीनता के दायरे में रखा गया है. अब कांग्रेस पार्टी की अनुशासन समिति के समक्ष रिपोर्ट को प्रेषित किया जाएगा. समिति के अध्यक्ष क्या फैसला लेते हैं और पार्टी प्रदेश अध्यक्ष क्या निर्णय लेते हैं? वो सब अनुशासन समिति की रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा, लेकिन बीजेपी हो या अन्य दल इसे कांग्रेस में अंतर्कलह और गुटबाजी के तौर पर देख रही है.
पिथौरागढ़ जिला महिला कांग्रेस की जिला कार्यकारिणी तत्काल प्रभाव से भंग: पिथौरागढ़ में जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से आयोजित परिवर्तन संकल्प सम्मेलन के दौरान गणेश गोदियाल की मौजूदगी में मंच से अपनी बात रखने वाले तीन नेताओं से पार्टी ने तीन दिन के भीतर अपना स्पष्टीकरण देने को कहा है, तो वहीं पिथौरागढ़ जिला महिला कांग्रेस की जिला कार्यकारिणी को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया गया है.
महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि आज उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर पिथौरागढ़ में परिवर्तन संकल्प सम्मेलन आयोजित किया था, जहां पर पार्टी प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल की मौजूदगी में आयोजित किए गए कार्यक्रम में पिथौरागढ़ जिला महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष भावना नगरकोटी ने पार्टी मंच पर गंभीर अनुशासनहीनता की है.इस घटना के संज्ञान में आने के बाद और सम्मेलन के दौरान आई परिस्थितियों को देखते हुए संगठनात्मक अनुशासन बनाए रखने के लिए तत्काल प्रभाव से पिथौरागढ़ जिला महिला कांग्रेस की जिला कार्यकारिणी को भंग किया जाता है. जिसके बाद पिथौरागढ़ जिला महिला कांग्रेस की जिला कार्यकारिणी तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया गया है.
दरअसल, हुआ कुछ यूं कि ‘परिवर्तन संकल्प सम्मेलन’ के दौरान पिथौरागढ़ जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष भावना नगरकोटी के अपना संबोधन शुरू किया. भावना नगरकोटी ने नगर निकाय चुनाव में टिकट और पार्टी से अलग होकर काम करने को लेकर पिथौरागढ़ विधायक मयूख महर पर परोक्ष रूप से आड़े हाथों ले लिया.इसके बाद विधायक मयूख महर मंच पर ही नाराज हो गए और अपने समर्थकों के साथ सभागार छोड़कर बाहर निकल गए. इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश पंत ने मामले को संभालने की कोशिश की. उन्होंने भावना नगरकोटी से संबोधन समाप्त करने का आग्रह किया, लेकिन उन्होंने बोलना जारी रखा.
इस दौरान खुद प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल भी अपनी सीट से उठकर स्थिति संभालने पहुंचे, लेकिन तब तक विधायक मयूख महर विरोध जताते हुए मंच से निकल चुके थे. वहीं, विधायक मयूख महर के उठते ही उनके समर्थक भी सभागार से बाहर निकलने लगे. इसी बीच कुछ कार्यकर्ताओं ने गणेश गोदियाल के सामने ही ‘मयूख महर मुर्दाबाद’ के नारे लगाने लगे. जिससे सम्मेलन का माहौल गरमा गया.
