फिरोजाबाद। फिरोजाबाद में बुधवार रात से शुरू हुई वर्षा, अब आफत बन गई है। रात भर से रुक-रुक कर हो रही वर्षा सुबह से तेज हो गई। लगातार वर्षा से शिकोहाबाद के आवगंगा गांव में एक मकान जमींदोज हो गया, जिसमें बच्चे की मौत हो गई, जबकि परिवार के छह सदस्य घायल हो गए। राहत कार्य खत्म होने के बाद पुलिस लौट पाती उससे पहले दूसरा मकान गिर गया।
शिकोहाबाद के मैनपुरी चौराहा के नजदीक आवगंगा में मैनपुरी के रहने वाले व्यक्ति के घर में दो परिवार के किराए से रहते थे। बुधवार रात से लगातार हो रही वर्षा के कारण सुबह लगभग छह बजे घर ढह गया। मलबे में दोनों परिवार के सदस्य दब गए।
सूचना पर सीओ कमलेश कुमार फोर्स और फायर बिग्रेड के साथ पहुंचे और राहत कार्य शुरू कराया। गांव के दूसरे तरफ घर होने के कारण गांव के लोग जानकारी नहीं दे पाए। सभी घायलों को संयुक्त जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
परिवार के घायल सदस्यों में शामिल महिला ने अस्पताल ने पुलिस को जानकारी दी कि उनका एक बच्चा गायब है। इसके बाद पुलिस ने दोबारा मलबे में बच्चे की तलाश की। एक घंटे की मेहनत के बाद आठ साल के बच्चे को मलबे से निकाला गया। उसकी सांसें चल रही थीं। आनन-फानन में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सुबह लगभग साढ़े दस बजे ग्रामीणों के साथ पुलिसकर्मी राहत कार्य खत्म करने के बाद बारिश से बचने के लिए मकान के लिए खड़े थे। इसी बीच वह मकान भरभराकर ढह गया। सिर पर मलबा गिरने से एक सिपाही घायल हो गया।
रात भर से हो रही वर्षा ने जनजीवन ठप कर दिया। सुबह से न तो घरों में दूध वाले पहुंचा और न अखबार पहुंचा। हर तरफ पानी भरा होने और बिजली गरजने के कारण लोग घरों से बाहर नहीं निकले। बारिश को देखते हुए डीएम रवि रंजन ने सभी स्कूलों का अवकाश घोषित करवा दिया।