खटीमा: टनकपुर से नांदेड़ साहिब तक अब आस्था की राह और भी आसान हो गई है. उत्तराखंड को महाराष्ट्र से जोड़ने वाली बहुप्रतीक्षित साप्ताहिक एक्सप्रेस रेल सेवा का शुभारंभ हो गया है. इस नई ट्रेन से सिख श्रद्धालुओं को तख्त श्री हज़ूर साहिब के दर्शन के लिए सीधी रेल सुविधा मिलेगी. वहीं धार्मिक पर्यटन और दोनों राज्यों के बीच संपर्क को भी नई मजबूती मिलेगी. रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव ने वर्चुअल रूप से हरी झंडी दिखा इस रेल सेवा का सोमवार को टनकपुर से शुभारंभ किया.
उत्तराखंड के चंपावत जिले के सीमांत नगर टनकपुर से महाराष्ट्र के पवित्र तीर्थ स्थल नांदेड़ साहिब के लिए साप्ताहिक एक्सप्रेस रेल सेवा का शुभारंभ हो गया है. इस नई रेल सेवा के शुरू होने से विशेष रूप से सिख श्रद्धालुओं को तख्त श्री हज़ूर साहिब नांदेड़ के दर्शन के लिए सीधी और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा. केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वर्चुअल माध्यम से इस रेल सेवा का शुभारंभ किया.
टनकपुर रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू और सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया. इस अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी व महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने वीडियो संदेश के माध्यम से शुभकामनाएं देते हुए इस रेल सेवा को दोनों राज्यों के बीच धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन संबंधों को मजबूत करने वाला ऐतिहासिक कदम बताया.
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि टनकपुर–नांदेड़ साहिब एक्सप्रेस सेवा उत्तराखंड और महाराष्ट्र के बीच आस्था, पर्यटन और विकास की नई कड़ी बनेगी. उन्होंने विश्वास जताया कि इस रेल सेवा से सिख श्रद्धालुओं के साथ-साथ पर्यटन और स्थानीय व्यापार को भी नई गति मिलेगी. यह रेल सेवा नियमित रूप से 17632 रेल संख्या 14 जुलाई 2026 से प्रत्येक मंगलवार को सुबह 9 बजे प्रस्थान कर दूसरे दिन साढ़े चार बजे शाम को नांदेड़ (महाराष्ट्र) पहुंचेगी. जबकि 17631 हुजूर साहेब नांदेड़ टनकपुर एक्सप्रेस नांदेड़ से 12 जुलाई 2026 से प्रत्येक रविवार को 23.40 बजे प्रस्थान कर तीसरे दिन 5.55 बजे टनकपुर पहुंचेगी.
यह एक्सप्रेस रेल सेवा उत्तराखंड के अलावा उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश व महाराष्ट्र के बीच रेल कनेक्विटी को मजबूत करने का काम करेगी. इस रेल सेवा से सिख धर्म के लोग उत्तराखंड से जहां नांदेड़ साहेब के दर्शन आसानी से कर पाएंगे. वही महाराष्ट्र की तरह से सिख श्रद्धालुओं को उत्तराखंड के नानकमत्ता साहिब और रीठा साहिब प्रमुख सिख धर्म स्थलों के दर्शनों हेतु सीधी रेल सेवा मिल पाएगी.
इस मौके पर रेल राज्य मंत्री ने कहा कि इस रेल सेवा से सामाजिक, आर्थिक, सांस्कृतिक और धार्मिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा. जबकि केंद्रीय सड़क परिवहन राज्य मंत्री अजय टम्टा ने पीएम मोदी के कुशल निर्देशन में उनके लोकसभा क्षेत्र टनकपुर को 11 रेल सेवा से देश को जोड़ने पर पीएम मोदी एवं रेल मंत्री का आभार जताया.
