श्रीनगर गढ़वाल: उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश का असर पहाड़ से लेकर मैदानी इलाकों तक देखने को मिल रहा है। कई राष्ट्रीय राजमार्ग भूस्खलन के कारण बंद हैं। वहीं हरिद्वार और रुड़की में जलभराव से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।चमोली में फरासू स्लाइड जोन में रॉक फॉल के कारण बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग बंद है। उत्तरकाशी में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग नालूपानी, धरासू घाट और नगुण के पास भूस्खलन से कई जगह बाधित है, जहां बीआरओ मशीनों से मार्ग खोलने में जुटा है।
नगुण के पास लगातार पत्थर गिरने से हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगी है। हालांकि यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्यानाचट्टी के पास और टिहरी के सुवाखोली मोटर मार्ग पर रोतु की वैली के पास यातायात बहाल कर दिया गया है। वहीं नाकुरी ग्रामीण मोटर मार्ग अब भी बंद है।चमोली जिले के फरासू स्लाइड जोन में लगातार हो रहे रॉक फॉल के कारण बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पूरी तरह बंद है। पहाड़ी से लगातार पत्थर गिरने के चलते सुरक्षा के मद्देनजर यातायात रोक दिया गया है। एनएच की मशीनें मलबा हटाने में लगी हैं, लेकिन रॉक फॉल जारी रहने से मार्ग नहीं खुल सका है। प्रशासन ने फिलहाल देवलगढ़-चमधार वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी है।
हरिद्वार जिले के पिरान कलियर में बुधवार रात हुई भारी बारिश के बाद दरगाह साबिर पाक परिसर, बाजारों और आसपास के क्षेत्रों में जलभराव हो गया। मजार की ओर पानी बढ़ने पर श्रद्धालुओं ने रेत से भरे कट्टे लगाकर पानी को रोका। लोगों ने नालों की सफाई नहीं होने और अतिक्रमण को जलभराव का कारण बताते हुए स्थायी जल निकासी व्यवस्था की मांग की है। संयुक्त मजिस्ट्रेट ने दरगाह प्रबंधन को नालों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं।
रुड़की में बुधवार देर रात से हुई लगातार बारिश के कारण रामपुर और महिग्रान मोहल्लों में घरों और दुकानों में पानी घुस गया। लोगों को घरेलू सामान सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना पड़ा। कई इलाकों में जलभराव से लोगों को आवाजाही में भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
लगातार दो दिनों की बारिश के बाद लंढौरा कस्बे के अंबेडकर कॉलोनी, पठानान, गुर्जरवाड़ा और माता हसन वाला बाग समेत कई इलाकों में पानी भर गया। कई घरों और दुकानों में पानी घुसने से लोगों को नुकसान उठाना पड़ा। मुख्य सड़कें और गलियां भी जलमग्न रहीं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से स्थायी जल निकासी व्यवस्था और राहत कार्य शुरू कराने की मांग की है।
बुधवार रात से लगातार झमाझम बारिश हो रही है। बारिश के चलते बाजारों में सन्नाटा पसरा हुआ है। अलकनंदा और पिंडर उफान पर है। वहीं थराली में बुधवार देर रात्रि से हो रही लगातार बारिश से लोक निर्माण विभाग थराली के अंतर्गत आने वाली पांच सड़कें बंद हो गई हैं। जेसीबी मशीनों को सड़क खोलने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोनिवि थराली के अधिशासी अभियंता मनीष डोगरा ने बताया कि थराली देवाल वाण मोटर मार्ग गमलीगाड़ के पास मलबा और बोल्डर आने से बंद हो गया है।
थराली कुराड मोटर मार्ग भी तीन स्थानों पर मलबा और पत्थर गिरने बंद है। इसके साथ ही नंद केसरी जोला, देवाल खेता मोटर मार्ग और कुनार बैंड घेस मोटर मार्ग भी बारिश में चट्टान गिरने से बंद है।बृहस्पतिवार सुबह स्कूली बच्चों एवं अन्य को आवागमन में काफ़ी दिक्क़तों का सामना करना पड़ा। वहीं जिलासू तहसील की जिलासू-बगड़ सड़क पर मलबा आ गया।
