दून में भाजपा नेता पर हमला

देहरादून। पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र में हमलावरों ने भाजपा नेता की बाइक को पहले टक्कर मारी और इसके बाद उनकी कनपट्टी पर पिस्टल लगाकर अपरहण का प्रयास किया। इस मामले में पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस को दी तहरीर में हर्ष वालिया निवासी नयागांव सेवलाखुर्द चंद्रबनी ने बताया कि 18 अप्रैल को अपने परिचित के साथ एक मारपीट की शिकायत लेकर थाना क्लेमेनटाउन गए थे, जहां दूसरे पक्ष के कुछ युवकों से उनकी बहस हो गई थी। आरोप है कि उसी दौरान आरोपितो ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी।

पीड़ित का कहना है कि 20 अप्रैल की शाम करीब 4 से 4:30 बजे के बीच वह गौतम कुंड के पास पावर बैंक लेने गए थे। लौटते समय पहले एक स्विफ्ट कार ने उनकी बाइक को ओवरटेक किया और उसके तुरंत बाद पीछे से आ रही एक आई-20 कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिर गए।

आरोप है कि कार से उतरे युवकों में हार्दिक शर्मा और अभिषेक वर्मा ने उनके साथ मारपीट की, वहीं एक आरोपित ने उनकी कनपटी पर पिस्टल भी तान दी।इसके बाद अन्य आरोपी भी मौके पर पहुंचे और उन्हें जबरन कार में बैठाकर ले जाने का प्रयास किया। हर्ष वालिया ने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर जुट गए, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना में पीड़ित की बाइक क्षतिग्रस्त हो गई, साथ ही एक मकान की दीवार को भी नुकसान पहुंचा है। पीड़ित ने बताया कि उन्होंने तुरंत 112 पर कॉल की और बाद में दून अस्पताल में मेडिकल भी कराया।पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित ने चार नामजद समेत अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *