मिसाइल हमला: ओडेसा शहर में 14 लोगों की मौत, 46 घायल

मॉस्को: रूस के हमले में यूक्रेन में कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई है। यूक्रेन के अधिकारियों ने बताया है कि शुक्रवार को रूस ने ओडेसा शहर में मिसाइल हमले किए। शहर में नागरिक बुनियादी ढांचे पर हुए इन हमलों में 14 लोग मारे गए और 46 घायल हो गए।

यूक्रेन ने इसे मॉस्को का अब तक का सबसे घातक हमला कहा है। क्षेत्रीय गवर्नर ओलेह किपर ने टेलीग्राम मैसेजिंग ऐप पर कहा है कि रूसी मिसाइल हमले में मरने वालों में स्थानीय निवासियों के अलावा एक डॉक्टर और राहतकर्मी भी शामिल है। उन्होंने कहा कि ओडेसा में 10 घर और कुछ दूसरी इमारते हमले में क्षतिग्रस्त हुए हैं।

रूस ने हाल के हफ्तों में यूक्रेन के दक्षिणी शहर पर अपने हमले तेज कर दिए हैं। रूसी सेना लगभग हर दिन ड्रोन या मिसाइलें लॉन्च कर रहा है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, यूक्रेनी अधिकारियों ने कहा कि शुक्रवार को रूस की ओर से आवासीय इमारत पर हमला किया।

हमले की सूचना पर राहतकर्मी और डॉक्टरों की टीम मौके पर पहुंची। ये टीमें लोगों को निकालने और इलाज के काम में जुटी थीं, इसी दौरान एक और मिसाइल दाग दी गई। इस मिसाइल की जद में मेडिकल कर्मी और राहत-बचाव दल के लोग भी आ गए।

ओडेसा, यूक्रेन के सबसे बड़े बंदरगाहों में से एक है और रणनीतिक तौर पर बेहद अहम है। ऐसे में ओडेसा लगातार रूसी हमलों का लक्ष्य रहा है। खासतौर से मॉस्को के संयुक्त राष्ट्र की मध्यस्थता वाले समझौते को छोड़ने के बाद उसने ओडेसा पर हमले तेज किए हैं।

शुक्रवार के हमले के बाद यूक्रेनी राष्ट्रपति के चीफ ऑफ स्टाफ एंड्री यरमक ने टेलीग्राम पर लिखा, “ओडेसा में रूसी आतंक दुश्मन की कमजोरी का संकेत है, जो यूक्रेनी नागरिकों के खिलाफ ऐसे समय में लड़ रहा है जब वह अपने क्षेत्र में लोगों की सुरक्षा की गारंटी नहीं दे सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *