दुर्घटना में घायल सिपाही की मौत

ऋषिकेश। थाना लक्ष्मण झूला में तैनात एक कांस्टेबल की एम्स ऋषिकेश में मौत हो गई। गुरुवार की सायं देहरादून से लौटते वक्त सात मोड़ के समीप सिपाही की बाइक मवेशी से टकरा गई थी। सिपाही को गंभीर हालत में एम्स में भर्ती किया गया था। यहां दिवंगत सिपाही को सलामी देने के बाद शव मूलगांव पाथोडी टिहरी गढ़वाल भेजा गया है।

थाना लक्ष्मण झूला में देना कांस्टेबल जितेंद्र सिंह पंवार (34 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय हुकुम सिंह मूल निवासी पठौड़ी टिहरी गढ़वाल बीते गुरुवार के सायं देहरादून रोड सात मोड़ के पास सड़क दुर्घटना में घायल हो गए थे। कांस्टेबल जितेंद्र सिंह की ड्यूटी देहरादून डाक में लगी थी।

गुरुवार की शाम करीब पांच बजे जब कांस्टेबल जितेंद्र देहरादून से थाना लक्ष्मण झूला लौट रहे थे तो सात मोड़ के पास उनकी बाइक के आगे अचानक मवेशी आ गया। वह दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनके पेट में गहरा जख्म हो गया था। एम्स ऋषिकेश में उन्हें भर्ती किया गया।

शुक्रवार की सुबह कांस्टेबल जितेंद्र की एम्स में मौत हो गई। चौकी प्रभारी एम्स पंकज कुमार ने बताया कि सिपाही को यहां एडिशनल एसपी पौड़ी बीके रॉय, थाना प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मण झूला प्रमोद उनियाल और ऋषिकेश कोतवाली के स्टाफ की ओर से सलामी दी गई।

सिपाही के पार्थिव शरीर को उनके मूल गांव पठौड़ी टिहरी गढ़वाल भेजा गया है। पुलिस के मुताबिक कांस्टेबल जितेंद्र सिंह के पिता की कुछ दिन पूर्व मृत्यु हो गई थी। वह अवकाश पर गए थे। वह दुर्घटना से एक दिन पूर्व ही ड्यूटी पर आए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *