रुद्रपुर : सिडकुल की मैक्स कैम्प फार्मा सिटिकल में चल रहे मरम्मत कार्य के दौरान दीवार गिर गई। इससे दीवार के पास काम कर रहा बरेली निवासी युवक की मौत हो गई। इसका पता चलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया।
ग्राम बंजरिया, थाना भूता, बरेली निवासी 38 साल का गुड्डू पुत्र ननकी प्रसाद मजदूरी करता है। वह पत्नी सुमंगला और पुत्री अन्नू तथा पुत्र करन के साथ ट्रांजिट कैम्प में डेढ़ साल से रहता था। सोमवार को गुड्डू लेबर अड्डे पर था। इसी बीच वह अन्य मजदूरों के साथ सिडकुल की सेक्टर 3 स्थित मैक्स कैम्प फार्मा सिटिकल कंपनी में चल रहे मरम्मत कार्य के लिए गया था।
बताया जा रहा है कि इस दौरान कंपनी की दीवार तोड़ी जा रही थी और गुड्डू दीवार के पास काम कर रहा था। इसी बीच दीवार टूटकर गुड्डू पर जा गिरी। इससे वह दीवार के मलबे में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। यह देख कंपनी के लोगों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। गुड्डू की मौत का पता चलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।