मूसलाधार बारिश से तबाही

देहरादून: उत्तराखंड में मौसम इन दिनों दो अलग-अलग रंग दिखा रहा है। एक तरफ पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश, आंशिक बादल और तेज हवाओं का दौर जारी है, तो दूसरी ओर मैदानी इलाकों में तेज धूप और शुष्क मौसम के चलते तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी यही स्थिति बनी रह सकती है। पहाड़ों में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है, जबकि मैदानों में गर्मी लोगों को परेशान करती रहेगी।

राज्य के मैदानी क्षेत्रों में बढ़ती गर्मी ने लोगों के पसीने छुड़ाने शुरू कर दिए हैं। देहरादून समेत कई इलाकों में दिन के समय तेज धूप और उमस के कारण तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम का मिजाज कुछ बदला हुआ नजर आया। टिहरी, रुद्रप्रयाग और कुमाऊं के कुछ हिस्सों में हल्की बौछारें पड़ीं और कई जगह आंशिक बादल छाए रहे।

शुक्रवार को टिहरी जिले में हुई मूसलाधार बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। थत्यूड़ क्षेत्र के सुवाखोली-अलमस-भवान मोटर मार्ग पर बिलोन्दी पुल के समीप गदेरे का जल स्तर अचानक बढ़ गया, जिससे भारी मात्रा में मलबा सड़क पर आ गया। इस मलबे की चपेट में आने से करीब आधा दर्जन दुकानों को नुकसान पहुंचा।भारी मलबा आने के कारण सड़क कुछ समय के लिए बाधित भी रही। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए थाना थत्यूड़ पुलिस, प्रशासनिक टीम और जेसीबी मशीनों की मदद से तत्काल मलबा हटाने का काम शुरू किया गया और मार्ग को दोबारा यातायात के लिए खोल दिया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं आंशिक बादल छा सकते हैं और हल्की बारिश होने की संभावना है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, देहरादून, अल्मोड़ा और टिहरी जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवा चलने का अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। खासकर पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को नदी-नालों और भूस्खलन संभावित इलाकों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में शुष्क मौसम के चलते तापमान लगातार बढ़ रहा है। देहरादून में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उधम सिंह नगर का अधिकतम तापमान 35.2 और न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

वहीं पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम अपेक्षाकृत ठंडा बना हुआ है। मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 24.5 और न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि नई टिहरी में अधिकतम तापमान 24.8 और न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों तक मैदानी क्षेत्रों में गर्मी और बढ़ सकती है। तेज धूप और शुष्क हवाओं के कारण तापमान में लगातार इजाफा होने के आसार हैं। वहीं पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश और बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *