ट्रक ने बोलेरो और कार में मारी टक्कर, आठ लोग जिंदा जले

मीरजापुर। ड्रमंडगंज घाटी में बुधवार की रात आठ बजे के करीब हुए सड़क हादसे में बोलेरो में भीषण आग लग गई। दिल दहला देने वाली इस घटना में आग की चपेट में आने से बोलेरो में सवार सभी आठ लोगों की ज़िंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई।

वहीं घटना में ट्रक चालक, खलासी और कार चालक की मृत्यु हो गई। घटना में 11 लोगों की मौत हुई है। रात 11 बजे के करीब जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने घटना स्थल का निरीक्षण कर मातहतों से जानकारी ली।

बुधवार की रात आठ बजे के करीब मध्यप्रदेश की ओर से चना लादकर मीरजापुर की ओर जा रहे ट्रक का बड़का मोड़ घुमान से सौ मीटर पहले अचानक ब्रेक फेल हो गया। अनियंत्रित ट्रक आगे चल रहे कंटेनर में टकराते हुए आगे चल रही बोलेरो को जोरदार टक्कर मार दी बोलेरो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और बोलेरो में आग लग गई।

इसके बाद अनियंत्रित ट्रक आगे चल रही कार को टक्कर मारते हुए गिट्टी लदे ट्रेलर में जा भिड़ा। कार ट्रक और कंटेनर के बीच में जाकर चिपक गई। जिससे कार चालक 28 वर्षीय जय प्रकाश निवासी मझिगांव पोस्ट परसी दुबे राबर्ट्सगंज जिला सोनभद्र की घटना स्थल पर ही मौत हो गई।

ट्रक खलासी की भी घटना स्थल पर ही मौत हो गई। ट्रक चालक और खलासी का नाम और पता मालूम नहीं चल सका है। पुलिस मृतकों की शिनाख्त में जुटी हुई है। एक घंटे तक बोलेरो धू-धूकर जलती रही।एक घंटे बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंचने पर बोलेरो की आग बुझाई गई। गंभीर रूप से घायल ट्रक चालक को पुलिस ने एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया। जहां अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सक ने ट्रक चालक को मृत घोषित कर दिया।

फायर ब्रिगेड कर्मियों के आग बुझाने के बाद एसआई विनोद सिंह, एसआई शिवाकांत पांडेय, मूलचंद्र वर्मा, पुनीत गुप्ता हेड कांस्टेबल संतोष यादव आदि बोलेरो में जले शवो को बाहर निकाला। बोलेरो में कुल आठ लोग सवार थे जिसमें दो महिलाएं, दो बच्चे भी थे।घटना के बाद ड्रमंडगंज घाटी में लंबा जाम लग गया। एक घंटे के बाद बोलेरो की आग बुझने पर मध्यप्रदेश की ओर जाने वाले लेन से वाहनों का आवागमन शुरू कराया गया। बोलेरो जिगना थाना क्षेत्र के रामपुर हंसवार श्रीनिवास धाम की बताई जा रही है।

सीओ अमर बहादुर ने बताया कि घटना में 8 लोग जिंदा जल गए जिसमें दो महिलाएं और दो बच्चे भी हैं। ट्रक खलासी और कार चालक की मौके पर मौत हो गई थी। घायल ट्रक चालक ने अस्पताल पहुंचने पर दम तोड़ दिया। मृतकों की शिनाख्त कराई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *