गर्मी से बेहाल: बरस सकती हैं राहत की फुहारें

नई दिल्ली: मॉनसून के लिए दिल्ली का इंतजार बढ़ता ही जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, दिल्ली और आस-पास के इलाकों में अभी अगले 6-7 दिनों तक मॉनसून आने के आसार नहीं हैं। गर्मी से बेहाल दिल्ली-एनसीआर को 2 जुलाई की शाम से 3 जुलाई तक हल्की बारिश हो सकती है। इससे तामपान में गिरावट के साथ गर्मी से राहत मिलने के आसार है। आईएमडी के मुताबिक, गुरुवार को भी दिल्ली में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहेगा।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केन्द्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया, ‘दिल्ली-NCR में 2 जुलाई की शाम से 3 जुलाई को हल्की बारिश हो सकती है। इसके चलते तापमान थोड़ा गिर सकता है। मॉनसून के लिए अगले 6-7 दिनों तक स्थितियां अनुकूल नहीं हैं। लगभग 6-7 जुलाई तक दिल्ली NCR और बाकी हिस्से में मॉनसून आने की संभावना नहीं है।’आम तौर पर मानसून 27 जून को दिल्ली पहुंच जाता है और 8 जुलाई तक पूरे देश में फैल जाता है। आखिरी बार 2012 में सबसे देरी से सात जुलाई को मॉनसून दिल्ली पहुंचा था।

मॉनसून की उत्तरी सीमा (एनएलएम) अभी 26° उत्तरी अक्षांश और 70° पूर्वी देशांतर तथा बाड़मेर, भीलवाड़ा, धौलपुर, अलीगढ़, मेरठ, अंबाला और अमृतसर से होकर गुजर रही है। दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के राजस्‍थान, पश्चिमी उत्‍तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब के बाकी हिस्‍सों तथा चंडीगढ़ और दिल्‍ली में अगले 6-7 दिनों तक आगे बढ़ने की संभावना नहीं है।

मॉनसून के नदारद रहने के साथ ही सोमवार को दिल्ली में पहली बार इस ग्रीष्मकाल में लू चली और तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस साल का अभी तक का सर्वाधिक तापमान था। लोधी रोड, रिज और पूसा इलाके में भीषण लू चली, जहां तापमान क्रमश: 42.6 डिग्री सेल्सियस, 43.4 डिग्री सेल्सियस और 44.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से सात डिग्री अधिक था। वहीं, नजफगढ़ में तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस, पीतमपुरा में 44.3 डिग्री सेल्सियस और मुंगेशपुर में 44.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इन स्थानों पर भी भीषण लू का प्रकोप था।

आईएमडी के अनुसार, मैदानी इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक या सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस अधिक होने पर ‘लू’ घोषित की जाती है। सामान्य से 6.5 डिग्री अधिक तापमान होने पर ‘भीषण’ लू की घोषणा की जाती है। इससे पहले, मौसम विभाग ने 15 जून को मॉनसून के दिल्ली पहुंचने का अनुमान लगाया था। हालांकि पछुआ हवाएं दिल्ली, उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों, राजस्थान, पंजाब और हरियाणा में इसे आगे बढ़ने को रोक रही हैं।

श्रीवास्तव ने कहा, ‘आम तौर पर राष्ट्रीय राजधानी में 20 जून तक लू चलती है और इसके बाद तापमान कम होने लगता है। इस बार मॉनसून की देरी की वजह से शायद तापमान बढ़ रहा है।’ उन्होंने बताया कि पिछले तीन दिन से बारिश नहीं हुई है और उत्तर पश्चिम भारत के एक बड़े हिस्से में गर्म पछुआ हवाएं चल रही हैं, जहां अभी तक मॉनसून नहीं पहुंचा था। केरल में दो दिन देरी से पहुंचने के बाद, मॉनसून सामान्य से सात से 10 दिन पहले पूर्वी, मध्य और आसपास के उत्तर-पश्चिम भारत को कवर करते हुए पूरे देश में पहुंच गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *