देहरादून। उत्तराखंड में बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री में दूसरे दिन भी बर्फबारी का सिलसिला जारी रहा। चारों धामों में सुबह हल्का हिमपात होने के साथ ही निचले इलाकों में बूंदाबांदी का क्रम बना रहा। मौसम में आए बदलाव के चलते तापमान में चार से पांच डिग्री सेल्सियस की कमी आई है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में बारिश के साथ ही ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात हो सकता है।
प्रदेश में दो दिन से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। मंगलवार की सुबह चारों धाम के साथ ही आसपास की चोटियों पर हिमपात हुआ। चमोली में ओली के पास गोरसो में भी अच्छी बर्फबारी के समाचार हैं। इसके अलावा पहाड़ से लेकर मैदान तक कई जगह हल्की बौछारों से मौसम ठंड का एहसास करा रहा है। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले 24 घंटे में नैनीताल, अल्मोड़ा और चम्पावत में कहीं-कहीं ओले गिरने की आशंका है। इसके अलावा मैदानी क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चल सकती है।
बीते दो दिन से हेमकुंड साहिब में जबरदस्त हिमपात हो रहा है। हेमकुंड में करीब आठ फीट बर्फ की चादर पसरी हुई है। गुरुद्वारा व लोकपाल लक्ष्मण मंदिर भी बर्फ से ढक गए हैं और सरोवर भी जम गया है। इस 10 मई को हेमकुड साहिब के कपाट खोले जाने हैं। गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के प्रबंधक सेवा ङ्क्षसह ने बताया कि अप्रैल प्रथम सप्ताह में सेना के 40 जवान हेमकुंड पैदल मार्ग से बर्फ हटाने का काम शुरू कर देंगे।
मौसम के करवट बदलने से ज्यादातर शहरों में तापमान में गिरावट आई है। देहरादून में अधिकतम पारा करीब पांच डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। जिससे यहां दिनभर ठंड का एहसास होता रहा। दून में तेज हवाओं के साथ हुई बूंदाबांदी से वातावरण में ठंडक लौट आई। दिनभर धूप के दर्शन नहीं हुए और शाम को भी जल्दी अंधेरा हो गया। उधर, हरिद्वार में तापमान में भारी गिरावट आई है।