उत्तराखंड: मौसम के तेवर तल्ख, बर्फबारी और बारिश जारी,गंगोत्री हाईवे बंद

देहरादून। उत्तराखंड के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बारिश और हिमपात का क्रम बना हुआ है। केदारनाथ, तुंगनाथ मद्महेश्वर, हर्षिल, औली समेत ऊंचाई वाले सभी स्थानों पर बर्फबारी हो रही है। गंगोत्री हाईवे सुक्की टॉप से गंगोत्री तक बंद हो गया है।

राजधानी दून और आसपास के क्षेत्रों में देर रात से ही तेज गर्जना के साथ बारिश का दौर जारी है। इससे तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। इससे पहले मंगलवार को पिथौरागढ़ जिले में चीन सीमा तक जाने वाला गर्बाधार-लिपुलेख मार्ग बर्फ से ढक चुका है। इसके अलावा पहाड़ से लेकर मैदान तक रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने आज ने शीतलहर की चेतावनी जारी की है और कई स्थानों पर शीत दिवस (कोल्ड डे कंडीशन) की आशंका भी जताई है।

कोटद्वार में भी बारिश का दौर जारी है। सुबह करीब सात बजे नजीबाबाद-बुवाखल राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोटद्वार और दुग्गडा के बीच राजमार्ग में पेड़ गिर गया। इस कारण राजमार्ग पर यातायात अभी बंद है। यात्रियों की तरफ से इस संबंध में प्रशासन को सूचित कर दिया गया है।

 

प्रदेश में सोमवार रात से ही मौसम करवट बदलने लगा। केदारनाथ धाम में देर रात से बर्फ गिरने का सिलसिला जारी है। धाम में आधा फीट से अधिक ताजा बर्फबारी हुई है। इसके अलावा बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री भी बर्फ से लकदक हैं। रुद्रप्रयाग जिले के तुंगनाथ, मद्महेश्वर, चोपता, पवाली कांठा और देवरिया ताल में हिमपात की सूचना है। वहीं, चमोली जिले के औली भी सैलानियों ने बर्फबारी का लुत्फ उठाया। दूसरी ओर उत्तरकाशी की गंगा घाटी में भी हल्की बर्फ गिरी।

कुमाऊं में भी मौसम का मिजाज गढ़वाल मंडल की तरह रहा। पिथौरागढ़ जिले में कैलास-मानसरोवर यात्रा के प्रमुख पड़ाव बूंदी से आगे रास्ता बर्फ से पटा हुआ है। सीमा सड़क संगठन की टीम मार्ग से बर्फ हटा रही है। वहीं लिम्पियाधुरा क्षेत्र में स्थित बीआरओ कैंप बर्फ से ढक चुका है।

दारमा और जोहार घाटी में भी भारी हिमपात हो रहा है। मौसम में आए बदलाव से पहाड़ से लेकर मैदान तक कड़ाके की सर्दी की चपेट में हैं। देहरादून स्थित राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार गुरुवार से मौसम साफ रहेगा, लेकिन पर्वतीय क्षेत्र में पाला और मैदानों में सुबह व शाम घना कोहरा छाया रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *