नई दिल्लीः देश के कई राज्यों में पड़ रही गर्मी से अब राहत मिलने वाली है, क्योंकि देशभर में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना मजबूत कम दबाव का क्षेत्र अगले तीन दिनों में उत्तर ओडिशा और छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ेगा। इसके प्रभाव से अगले चार से पांच दिनों तक मध्य, पश्चिम और उत्तर भारत के कई राज्यों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि अगले 8 घंटों के अंदर उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, उत्तराखंड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल, हरियाणा समेत 13 राज्यों में हल्की से लेकर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। IMD के पूर्वानुमान के अनुसार, इस दौरान 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती है। कई जगहों पर वज्रपात की भी आशंका जताई गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, राजधानी दिल्ली में आज से बारिश-आंधी का दौर शुरू हो सकता है। जिससे तापमान में गिरावट आने की संभावना है। 7 जुलाई यानी आज दिल्ली के आसमान में बादलों का डेरा रहेगा। सुबह से हल्की बारिश शुरू हो सकती है। मौसम विभाग ने आंधी का भी अलर्ट जारी किया है।
उत्तर प्रदेश में मानसून सक्रिय बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, 5 से 10 जुलाई के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहेगा। 5-6 जुलाई को पूर्वी उत्तर प्रदेश में तथा 5 से 7 जुलाई तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। 7 से 10 जुलाई के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश और 8 से 10 जुलाई के दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश में व्यापक बारिश का अनुमान है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 8 से 10 जुलाई तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 9-10 जुलाई के दौरान कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा कुछ स्थानों पर मेघगर्जन और वज्रपात की भी संभावना जताई गई है।
बिहार में मानसून सक्रिय बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, 5 से 10 जुलाई के दौरान राज्य के विभिन्न हिस्सों में रुक-रुककर बारिश जारी रहने की संभावना है। 6-7 जुलाई और 10 जुलाई को कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। वहीं 5 से 8 जुलाई के दौरान कई इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ मेघगर्जन और वज्रपात की संभावना है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
उत्तराखंड में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। मौसम विभाग के अनुसार, 5 से 10 जुलाई के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। 5 जुलाई को कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश हो सकती है, जबकि 6 से 10 जुलाई के दौरान कई स्थानों पर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन, जलभराव और नदियों-नालों के जलस्तर में बढ़ोतरी की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
हिमाचल प्रदेश में अगले कई दिनों तक मानसून सक्रिय रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, 5 से 10 जुलाई के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में व्यापक वर्षा होने की संभावना है। 6 और 7 जुलाई को कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 5 जुलाई तथा 8-9 जुलाई को कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। लगातार बारिश के चलते पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़कें प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।
राजस्थान में मानसून की गतिविधियां तेज रहने की संभावना है। IMD के अनुसार, 5 से 10 जुलाई के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहेगा। पूर्वी राजस्थान में 5 से 9 जुलाई के दौरान व्यापक वर्षा होने की संभावना है, जबकि पश्चिमी राजस्थान में 5 से 10 जुलाई तक कई स्थानों पर बारिश हो सकती है। पूर्वी राजस्थान में 5 से 7 जुलाई और 9 जुलाई को कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 8 जुलाई और 10 जुलाई को भारी बारिश की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान में भी 6 से 8 जुलाई के दौरान कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। कई क्षेत्रों में मेघगर्जन और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
झारखंड में मानसून सक्रिय बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, 5 से 8 जुलाई के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। 5 से 7 जुलाई के दौरान कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। साथ ही कई क्षेत्रों में मेघगर्जन, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।
