हीट वेव को लेकर येलो अलर्ट

पटनाः बिहार के कई शहरों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री से पार पहुंच गया है। गर्म हवाओं के प्रभाव के कारण पिछले 24 घंटों के कारण 14 जिलों का पारा 40 डिग्री सेल्सियस से पार हो गया है। पटना सहित राज्य के अधिकतर शहरों में लोग गर्मी से परेशान नजर आ रहे है।

इस दौरान पछुआ हवा की रफ्तार 20 से 25 किलोमीटर प्रतिघंटे के बीच रही। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को सचेत रहने की सलाह दी है। अगले तीन-चार दिनों के मौसम पूर्वानुमान में गर्म हवाओं का प्रभाव बढ़ने का है। मौसम विभाग की ओर से 19 से 21 अप्रैल तक राज्य के 14 जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग की ओर से जिन 14 जिलों में हीट वेव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है, उनमें पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, शेखपुरा, नवादा, मुंगेर, खगड़िया, जमुई और बांका शामिल है। इन जिलों में 21 अप्रैल तक लू चलने की आशंका जताई गई है।

राज्य में पिछले 24 घंटे के दौरान सबसे अधिक शेखपुरा का अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा सिवान के जीरादेई में 41, बांका में 40.5 और नवादा का 40.1 डिग्री अधिकतम तापमान रहा। जबकि राज्य के 7 शहरों का तापमान भी 40 डिग्री के आसपास रहा।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार राज्य में पछुआ के प्रभाव से अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में वृद्धि संभव है। इस दौरान औसत अधिकतम तापमान 39 डिग्री के आसपास रहा। कई जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री भी पहुंच गया है। राज्य में सिर्फ किशनगंज और अररिया में ही अधिकतम तापमान 35 डिग्री के आसपास रहा। जबकि फारबिसगंज और मुजफ्फरपुर का अधिकतम तापमान 37.4 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *