जकार्ता जेल में हुए हादसे में 41 कैदी जिंदा जले

जकार्ता: इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता की जेल में बुधवार सुबह भीषण आग लग गई। इस हादसे में 41 कैदियों की मौत हो गई और 39 बुरी तरह झुलस गए हैं। अधिकारी अभी तक आग के कारणों की जांच कर रहे हैं। आग जेल के ब्लॉक C में लगी है।

जकार्ता के बाहरी इलाके में स्थित इस टेंगेरेन प्रिजन में ड्रग्स के आरोपियों को रखा जाता था। बताया जा रहा है कि इस जेल की क्षमता 1200 कैदियों की थी, लेकिन इसमें 2 हजार से ज्यादा कैदी रखे गए थे। जिस ब्लॉक C में आग लगी उसमें 122 कैदी ठसाठस भरे थे। आग लगने के कुछ ही घंटों बाद उस पर काबू पा लिया गया। सभी घायलों को अस्पताल ले जाया गया है।

हादसे के वीडियो भी सामने आई हैं, इसमें दिखाई दे रहा है कि फायर फाइटर्स आग की भीषण लपटों पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि घायलों में 8 की हालत काफी गंभीर है। उनका कहना है कि आग लगने की वजह इलेक्ट्रिक शॉर्ट सर्किट हो सकता है।

इंडोनेशिया में जेल ब्रेक और आग लगने की घटनाएं आम बात हैं। यहां की ज्यादातर जेलों में क्षमता से ज्यादा कैदी रखे गए हैं। फंडिंग की समस्या और ड्रग्स क्राइम में बहुत ज्यादा लोगों की गिरफ्तारी की वजह से हालात बदतर होते जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *