बस यमुना एक्सप्रेस वे पर पलटी, 20 से ज्यादा यात्री घायल

आगरा। दिल्ली से जौनपुर के लिए जा रही डबल डेकर बस (78 एफटी 3708) यमुना एक्सप्रेस वे पर अनियंत्रित होकर पलट गई। बुधवार रात डेढ़ बजे थाना बलदेव क्षेत्र में एक्सप्रेस वे के माइल स्टोन 133 हुए हादसे में 20 सवारियां घायल हुई हैं। इनमें पांच की हालत नाजुक बताई गई है। सभी को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

दिल्ली के आनंद विहार से रात को करीब साढ़े दस बजे राज कल्पना ट्रेवल्स की डबल डेकर 35 सवारियों को लेकर जौनपुर के लिए रवाना हुई। रात करीब डेढ़ बजे बस थाना बलदेव क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस वे के माइल स्टोन 133 पर असंतुलित होकर पलट गई। यात्री बस में फंस गए और चीख-पुकार मच गई। सीओ महावन रविकांत पाराशर और थाना बलदेव प्रभारी नरेंद्र यादव पुलिस टीम के साथ पहुंचे।

एक्सप्रेस वे पर यातायात भी बाधित हो गया। पुलिस और यमुना एक्सप्रेस वे की राहत टीम ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। थाना प्रभारी ने बताया, बस में करीब 20 यात्री घायल हुए हैं। इनको आगरा और मथुरा के अलग-अलग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पांच यात्री गंभीर घायल हुए हैं। क्षतिग्रस्त बस को क्रेन के माध्यम से हटवा कर पुलिस ने यातायात को सामान्य कराया। घायल यात्रियों के नाम पते की जानकारी की जा रही है।

आगरा के ट्रांस यमुना इलाके में बने कृष्णा हस्पिटल में घायलों को भर्ती कराया गया है, यहां जो घायल आए हैं, उनकी हालत ज्यादा गंभीर नहीं है। यहां प्रियंका, अरुण सिंह, नैतिक यादव, सोनिया यादव, मनीष यादव, ध्रुव यादव, सूरज यादव, शारदा यादव, हेमंत यादव व एक अन्य का उपचार चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *