नई दिल्लीः दक्षिणी चीन में ट्रॉपिकल स्टॉर्म ‘मेसाक’ के कारण आई भीषण बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। गुरुवार को अधिकारियों ने बताया कि इस प्राकृतिक आपदा में अब तक 39 लोगों की मौत हो चुकी है।शहर के उपमहापौर डिंग वेई ने एक प्रेस वार्ता में बताया कि अधिकांश मौतें गुआंग्शी क्षेत्र के नाननिंग शहर में बांध टूटने की घटना के कारण हुईं। इस हादसे में अकेले 26 लोगों की जान चली गई।
ट्रॉपिकल स्टॉर्म ‘मेसाक’ (मायसाक) पश्चिमी प्रशांत महासागर और दक्षिण चीन सागर में बनने वाला एक उष्णकटिबंधीय चक्रवात है। जब किसी उष्णकटिबंधीय प्रणाली में लगातार चलने वाली हवाओं की रफ्तार लगभग 63 से 118 किलोमीटर प्रति घंटा के बीच पहुंच जाती है, तो उसे “ट्रॉपिकल स्टॉर्म” कहा जाता है। इससे अधिक ताकतवर होने पर यही तूफान टाइफून (Typhoon) की श्रेणी में आ जाता है।
वर्ष 2026 का ट्रॉपिकल स्टॉर्म मेसाक दक्षिण चीन सागर में बना और फिर हैनान द्वीप होते हुए दक्षिणी चीन की ओर बढ़ा। इसके साथ आई मूसलाधार बारिश और तेज हवाओं के कारण गुआंग्शी और आसपास के इलाकों में बाढ़ आ गई। कई नदियां उफान पर पहुंच गईं और कुछ स्थानों पर बांध भी टूट गए, जिससे बड़े पैमाने पर जान-माल का नुकसान हुआ।’मेसाक’ नाम माइक्रोनेशिया द्वारा विश्व मौसम विज्ञान संगठन (डब्ल्यूएमओ) और टाइफून समिति को दिया गया है। पश्चिमी प्रशांत क्षेत्र में आने वाले चक्रवातों के नाम पहले से तय सूची के अनुसार रखे जाते हैं और हर नए तूफान को उसी क्रम में नाम मिलता है।
बाढ़ और बांध टूटने की इस भीषण त्रासदी के बाद स्थानीय प्रशासन, बचाव दल और आपदा राहत एजेंसियों ने प्रभावित इलाकों में बड़े पैमाने पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि कई इलाके अब भी जलमग्न हैं, जिससे राहत कार्य में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने में जुटा हुआ है।
चीनी मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि ट्रॉपिकल स्टॉर्म ‘मेसाक’ के प्रभाव के कारण दक्षिणी चीन के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश जारी रह सकती है। प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने, सुरक्षित स्थानों पर जाने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। साथ ही संभावित भूस्खलन और अचानक बाढ़ की आशंका को देखते हुए निगरानी बढ़ा दी गई है।
