समुद्र किनारे रहस्यमयी ‘स्पेस बॉल्स’

सिडनी। ऑस्ट्रेलिया के क्वींसलैंड स्थित फॉरेस्ट बीच पर हाल ही में छह रहस्यमयी गोलाकार वस्तुएं बहकर आने से लोगों में कौतूहल फैल गया।चमकदार चांदी जैसी दिखने वाली इन गेंदों को पहले लोग समझ नहीं पाए, जिसके बाद एहतियातन समुद्र तट का एक हिस्सा बंद कर 50 मीटर का सुरक्षा घेरा बना दिया गया।द गार्जियन के मुताबिक, ऑस्ट्रेलियाई अंतरिक्ष एजेंसी ने जांच के बाद बताया कि ये वस्तुएं किसी विदेशी रॉकेट का अंतरिक्ष मलबा हैं।

ये चमकदार, चिकनी धातु की गेंदें रॉकेट के ईंधन भंडारण के लिए इस्तेमाल होने वाले प्रेशर वेसल्स (दबाव वाले टैंकर) हैं। ये रॉकेट लॉन्च के दौरान उच्च दबाव में ईंधन रखने के काम आते हैं। इनकी मजबूत और गर्मी सहने वाली बनावट के कारण ये वायुमंडल में दोबारा प्रवेश के दौरान जलने से बच जाते हैं, जबकि ज्यादातर स्पेस डेब्री जलकर राख हो जाती है।ऑस्ट्रेलियन स्पेस एजेंसी ने छह जुलाई को बताया कि ये वस्तुएं हाल ही में किसी विदेशी रॉकेट के डेब्री से संबंधित हैं। एजेंसी अब अंतरराष्ट्रीय अधिकारियों के साथ संपर्क कर रही है ताकि ठीक-ठीक रॉकेट और लॉन्चिंग देश की पुष्टि हो सके।

फॉरेस्ट बीच की रहने वाली रेस्तरां मालिक लिसा स्कॉबी ने न्यूयॉर्क टाइम्स को बताया कि यहां ज्यादा कुछ होता नहीं है। यह शांत जगह है। हम सब हंसी-मजाक कर रहे हैं। कई लोग एलियंस को लेकर भी मजाक उड़ा रहे हैं।फ्लिंडर्स यूनिवर्सिटी की स्पेस पुरातत्वविद् एलिस गोर्मन ने कहा कि ये स्पेस बॉल्स का क्लासिक उदाहरण हैं। रॉकेट के ईंधन सिस्टम के ये हिस्से मजबूत सामग्री से बने होते हैं, जिनका पिघलने का तापमान बहुत ऊंचा होता है। ईंधन खाली होने के बाद ये पानी पर तैरने लगते हैं और समुद्र में लंबी दूरी तय करके किनारे आ सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *