नैनीताल: सूर्य की सतह पर शुक्रवार सुबह विशाल ज्वाला उठी। विज्ञानियों ने इस ज्वाला को एक्स 1.2 श्रेणी की आंका है। साथ ही वर्तमान सौर चक्र में सूर्य की सतह पर सबसे बड़ा सन स्पाट (सौर धब्बा) बन गया है, जो विशाल ज्वालाओं को जन्म दे सकता है। इसके चलते एरीज समेत दुनिया की सौर वेधशालाओं की नजर सूरज पर टिक गई है।
आर्यभट्ट प्रेक्षण विज्ञान शोध संस्थान (एरीज) नैनीताल के पूर्व निदेशक डा. वहाबउद्दीन ने बताया कि शुक्रवार सुबह 6:28 बजे सूर्य की दक्षिण पूर्वी सतह पर जबरदस्त ज्वाला उठी है। नासा समेत कई वेधशालाओं ने इस ज्वाला को रिकार्ड किया है। सन स्पाट संख्या एआर 3182 से शुक्रवार सुबह बड़ी ज्वाला निकली है।
यह इस सौर चक्र की सबसे बड़ी ज्वालाओं में से एक थी। अभी तक एक्स क्लास (सौर ज्वाला निकलने की सबसे बड़ी श्रेणी) की कुछ ही ज्वालाएं उभरी हैं। जिनमें यह ज्वाला एक्स 1.2 निकली।अब जो सन स्पाट सूर्य पर बना है इसका आकार बहुत बड़े दायरे में फैला हुआ है। यही नहीं सूर्य की सतह पर छह और सन स्पाट बने हैं। जिनमें से बड़ी ज्वाला निकलने की आशंका बनी हुई है।
इन ज्वालाओं से निकलने वाला भू-चुम्बकीय तूफान खतरनाक हो सकता है। इसका असर सेटेलाइट व हवाई उड़ानों पर भी असर पड़ सकता है। जिसके चलते दुनियाभर की सौर वेधशालाएं सूर्य पर नजर बनाए हुए हैं।सूर्य इन दिनों बेहद सक्रिय है। अब एरीज की सोलर टावर टेलीस्कोप से भी इस पर नजर रखी जा रही है।