मध्य अफ्रीकी गणराज्य में सोने की खदान धंसी, 30 की मौत, कई मलबे में दबे

बांगुई: सेंट्रल अफ्रीकन रिपब्लिक के पश्चिमी हिस्से में मंगलवार को सोने की खदान का एक हिस्सा ढह गया, जिससे कम से कम 30 खनिकों की मौत हो गई और कई अन्य लोग फंस गए. राहत बचाव अभियान चलाया गया. इसमें कई लोगों के फंसे होने की आशंका जताई गई.

रिपोर्ट के मुताबिक बचे हुए खनिकों में से एक फ्लोरियन गागुएंडे के अनुसार नाना-माम्बरे प्रीफेक्चर के अब्बा इलाके में मंगलवार सुबह कम-तकनीक वाली, पारंपरिक तरीके से चलाई जा रही खदान ढह गई. उन्होंने बताया कि बचावकर्मी उन अन्य खनिकों की तलाश में जुट गए, जिनके फंसे होने की आशंका जताई गई. हालांकि उनके जीवित मिलने की संभावना कम होती बतायी गई.

उप-प्रान्त के उप महापौर सौलेमाने बी ने कहा कि बचावकर्मी और निवासी कई घंटों में ढही खदान से 30 शवों को निकालने में कामयाब रहे, और घायल खनिकों का इलाज किया गया. सौलेमाने बी ने कहा, ‘यह भयानक है और हम संगठनों और अच्छे इरादे वाले सभी लोगों से मदद मांग रहे हैं ताकि उन लोगों को गड्ढे से बाहर निकाला जा सके जो ऐसा करने में असमर्थ हैं.’

घटनास्थल का जो फुटेज सामने आया है, उसमें अफरातफरी के बीच बचाव अभियान में जुटे लोग दिखे. कीचड़ से सने ज़्यादातर युवा खनिक (पुरुष और महिलाएँ) गड्ढे से शव निकालते हुए नजर आए कई अन्य खनिक और मजदूरों को उस बड़े इलाके में इधर-उधर फैले हुए देखे गए. कुछ लोग मदद के लिए कराहते दिखे.

सरकारी प्रवक्ता एवारिस्टे नगामाना ने पीड़ितों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई और कहा कि अधिकारी प्रभावित लोगों को राहत और मदद पहुँचाने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं.’ सेंट्रल अफ्रीकन रिपब्लिक में छोटे स्तर पर की जाने वाली माइनिंग (artisanal mining) के दौरान खदानों के ढहने की घटनाएं आम हैं, जहाँ हजारों लोग इस काम में लगे हैं. यह काम जोखिम भरा है क्योंकि खनिकों के पास आमतौर पर सुरक्षा के पर्याप्त साधन नहीं होते और अक्सर होने वाली दुर्घटनाएं जानलेवा साबित होती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *