JP Nadda का दून में ढोल-नगाड़ों और पुष्प वर्षा संग भव्य स्वागत

ऋषिकेश। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा हरिद्वार में महामंडलेश्वरों की बैठक में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा के बाद आज सुबह कुंभ नगरी हरिद्वार से द्रोण नगरी देहरादून के लिए रवाना हुए।

स्वागत कार्यक्रम की ऋषिकेश विधानसभा संयोजक महापौर अनीता ममगाईं के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मानव श्रृंखला बनाकर राष्ट्रीय अध्यक्ष का गर्मजोशी से स्वागत और अभिनंदन किया। इस दौरान उनपर पुष्प वर्षा भी की गई। रास्तेभर उनका जगह-जगह स्वागत हुआ। इस दौरान उत्तराखंडी संस्कृति की झलक देखने को भी मिली।

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष शनिवार की सुबह दस बजे सड़क मार्ग से हरिद्वार से उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के लिए रवाना हुए। नेपाली फार्म में कार्यकर्ताओं के हजूम के बीच उनका जोरदार स्वागत और अभिनंदन किया गया। इससे पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन से घंटों पूर्व तड़के से ही भाजपा के कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ नेपाली फार्म पर उमड़नी शुरु हो गई थी।


इस दौरान पार्टी के तमाम पद्दाधिकारियों और पार्टी के जनप्रतिनिधियों के साथ स्वागत कार्यक्रम की संयोजिका महापौर अनीता ममगाईं भी मौके पर डटी रही। इससे पहले उन्होंने आवश्यक दिशा निर्देश भी पार्टी कार्यकर्ताओं को दिए।राष्ट्रीय अध्यक्ष के वाहनों का काफिला नेपाली फार्म तिराहे पर पहुंचते ही समूचा क्षेत्र भाजपा जिदांबाद और जयश्री राम के गूंजायमान उद्घोषों से गूंज उठा।

बेहद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच महापौर ममगाई ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को वाहन पर ही पुष्प गुच्छ भेंटकर उनका अभिनंदन किया। महापौर अनिता ममगाईं ने बताया कि आज राष्ट्रीय अध्यक्ष के देहरादून रवाना होने से पहले जिस प्रकार अभूतपूर्व जोश भाजपा कार्यकर्ताओं में देखने को मिला है उससे तय है कि तमाम कार्यकर्ता मिशन 2022 में प्रचंड बहुमत के साथ फिर से सत्ता पर काबिज होने के लिए कमर कस चुके हैं।

उन्होंने कहा कि निश्चित ही भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष का उत्तराखंड का दौरा मील का पत्थर साबित होगा।डोईवाला में पारंपरिक परिधान में उपस्थित महिलाओं ने भाजपा जिंदाबाद के नारे लगाए। डोईवाला चौक पर उत्तराखंड के वाद्य यंत्रों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने भी जेपी नड्डा का स्वागत किया।

 

ग्रामीण क्षेत्रों से कई किसान गन्ने लेकर भी पहुंचे। डोईवाला के मुख्य हाइवे में कई किलोमीटर लंबी कतार में खड़े भाजपा कार्यकर्ता राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत करते नजर आए।आपको बता दें कि जेपी नड्डा का शनिवार को हरिद्वार से देहरादून सड़क मार्ग से जाने का कार्यक्रम था। इसके लिए रायवाला से लेकर डोईवाला तक हाइवे को भाजपा के झंडों से सजाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *