100 करोड़ से अधिक समुद्री जीवों की मौत

टोरंटो: कनाडा में ‘हीट डोम’ के कारण 100 करोड़ से अधिक समुद्री जीवों के मरने की आशंका है। ब्रिटिश कोलंबिया यूनिवर्सिटी के विशेषज्ञों की टीम ने यह दावा किया है। टीम के सदस्य समुद्री जीवविज्ञानी क्रिस्टोफर हार्ले ने कहा, ‘हम ‘हीट डोम’ के कारण समुद्री जीवों के नुकसान का आकलन कर रहे हैं।

कनाडा में समुद्र तट का दायरा 100 किमी से ज्यादा का है। अत्यधिक तापमान से पारिस्थितिक तंत्र बुरी तरह प्रभावित हुआ है। दरअसल, पिछले हफ्ते पश्चिमी कनाडा और उत्तर-पश्चिमी अमेरिका में ‘हीट डोम’ ने तबाही मचाई थी।

इससे इन क्षेत्रों में तापमान रिकॉर्ड 49 डिग्री के ऊपर चला गया था। जबकि जून-जुलाई में यहां तापमान 17 डिग्री से नीचे ही होता है। ‘हीट डोम’ के कारण वातावरण में उच्च दबाव का एक क्षेत्र नीचे की हवा को बाहर निकलने से रोकता है। गुंबद जैसी स्थिति बनती है। यह गुंबद हवा को नीचे की ओर ले जाता है। इससे तापमान बढ़ता जाता है। अधिक तापमान के कारण कनाडा के जंगलों में भी आग लग गई थी।

हीट डोम के कारण कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया क्षेत्र में 500 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि अमेरिका में करीब 140 लोग मारे जा चुके हैं। अमेरिका के ओरेगन और वॉशिंगटन में ज्यादा नुकसान हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *