बाबा के धाम में बर्फ की सफेद चादर बिछ गई

रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड में मौसम लगातार बदल रहा है। गुरुवार को एक बार फिर से बर्फबारी और बारिश देखने को मिली है। मई खत्म होने को है और जून की शुरुआत होने वाली है फिर भी पहाड़ों पर बर्फबारी जारी है। केदारनाथ में एक बार फिर गुरुवार सुबह बर्फबारी हो रही है। बाबा के धाम में बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है।

जहां एक ओर केदारनाथ में बर्फबारी हो रही है, तो वहीं श्रद्धालु भी भारी संख्या में दर्शन के लिए यहां पहुंच रहे हैं। तीर्थ यात्री बर्फबारी के बीच दर्शनों के लिए लंबी लाइन लगाकर खड़े हैं। गुरुवार को भी बाबा केदार के धाम में बर्फबारी और बारिश हुई, लेकिन इसके बावजूद दर्शन के लिए भक्तों की लंबी लाइन लगी रही।

उत्तराखंड के निचले इलाकों में भी बारिश व बर्फबारी का दौर जारी है। उत्तराखंड में निचले इलाकों में लगातार बारिश हो रही है। ऊपरी इलाकों में बर्फबारी होने से मौसम ठंडा हो गया है। गर्मी के महीने में लोग गर्म कपड़े पहनने को मजबूर हैं। विगत 22 अप्रैल से उत्तराखंड में चारधाम यात्रा सुचारू है। वहीं बारिश और बर्फबारी से चारों धाम में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। केदारनाथ धाम में बारिश और बर्फबारी जारी है।

केदारनाथ के साथ-साथ उत्तरकाशी में भी बारिश का दौर जारी रहा। देर रात से उत्तरकाशी जिला मुख्यालय सहित गंगोत्री और यमुनोत्री में वर्षा हो रही है । वर्तमान में गंगोत्री व यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग के सुचारू होने की सूचना है। रात को वर्षा के कारण यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर किसाला व राना चट्टी के पास पहाड़ी से पत्थर गिर रहे हैं। जिन्हें हटाकर राष्ट्रीय राजमार्ग को सुचारू किया गया। गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में यात्रा सुचारू चल रही है।

गौरतलब है कि पिछले दो दिनों से बारिश के कारण यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग और गंगोत्री राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। मंगलवार को यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर किसाला के पास भूस्खलन होने से मार्ग छह घंटे अवरुद्ध रहा। यहां पर यातायात को रोक दिया गया। भूस्खलन के कारण गाड़ियों की लंबी कतारें यहां देखने को मिली थी। हालांकि रात में मार्ग को खाली करके गाड़ियों को यहां से निकाला गया था। बुधवार को भी मार्ग पर पत्थर गिरते रहे।

पुलिस प्रशासन ने पर्यटकों को सावधानी बरतने की चेतावनी दी है। पुलिस ने साफ कहा है कि पर्यटक मार्गों की जानकारी ले कर ही यात्रा करें। ऊंचे और खतरनाक रास्तों पर जाने से बचें।

चमोली जिले में बारिश बर्फबारी का दौर जारी है, हेमकुंड साहिब में हल्की बर्फबारी होने से यात्रियों को घांघरिया में ही रोक दिया गया है। रात्रि से ही रूक-रूक कर हेमकुंड साहिब में बर्फबारी हो रही थी। सुबह अटलाकोटी से आगे रास्ता बर्फ से बाधित होने के चलते 180 यात्रियों को वापस लौटाया गया।

रास्ते में बर्फ होने के चलते प्रशासन व गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने घांघरिया में ही यात्रियों को रोका गया। बताया गया कि घांघरिया में 1200 यात्री मौसम साफ होने का इंतजार कर रहे हैं। गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के मुख्य प्रबंधक सरदार सेवा सिंह ने कहा कि हेमकुंड से अटलाकोटी तक बर्फबारी हुई है।

उन्होंने कहा कि मौसम साफ होने के बाद यात्रियों को भेजा जाएगा। बद्रीनाथ धाम में बारिश हो रही हैं। धाम की पहाड़ियों में बर्फबारी हुई है। हालांकि यात्रा को लेकर जोश है। यात्रियों की कतार दर्शनों के लिए लगी हैं।‌

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *