बदरीनाथ की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी

चमोली: भू बैकुंठ बदरीनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खुलते ही प्रकृति ने ऐसा अद्भुत नजारा पेश किया, जिसने हर किसी का मन मोह लिया. हुआ कुछ यूं कि दोपहर बाद अचानक हुई बर्फबारी ने बदरीनाथ धाम की ऊंची चोटियों को चांदी सी चमक से सजा दिया. जिससे ऐसा लग रहा है कि मानो खुद कुदरत भगवान नारायण के स्वागत में श्रृंगार कर रही हो.

बता दें कि आज यानी 23 अप्रैल को बदरीनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनों के लिए खोले गए हैं. ऐसे में कपाट खुलने के पावन अवसर पर जहां देशभर से पहुंचे श्रद्धालु भगवान बदरी विशाल के दर्शन में लीन थे, तो वहीं आसमान से गिरती बर्फ की फुहारों ने इस आध्यात्मिक माहौल को और भी दिव्य बना दिया.

नीलकंठ पर्वत समेत आसपास की सभी चोटियां सफेद चादर में लिपटी नजर आईं, जिससे पूरा धाम स्वर्ग सा प्रतीत होने लगा. एक ओर देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी लोगों को परेशान कर रही है, तो वहीं बदरीनाथ धाम में अप्रैल महीने में भी ठंड का अहसास बना हुआ है. पिछले कुछ दिनों से बढ़ती गर्मी और सूखते जल स्रोतों के बीच यह बर्फबारी राहत एवं आकर्षण दोनों का केंद्र बन गई है.

भू बैकुंठ बदरीनाथ धाम आस्था, प्रकृति और अद्भुत सौंदर्य का संगम है. जिसका दिव्यता हर साल श्रद्धालु को अपनी ओर आकर्षित करती है. यह धाम हिमालय की तहलटी और अलकनंदा के तट पर बसा है. ऊपर नीलकंठ और नर नारायण पर्वत मौजूद हैं. जिसकी वजह से यहां कभी भी मौसम बदल सकता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *