दून में भगवान जगन्नाथ की प्रतीकात्मक रथ यात्रा

देहरादून। कोरोना वायरस संक्रमण के चलते राजधानी देहरादून के दीपलोक कालोनी में भगवान जगन्नाथ की प्रतीकात्मक रथ यात्रा निकाली गई। इस दौरान भक्तों ने भगवान जगन्नाथ के जयकारे लगाए व परिवार के सुख शांति की कामना की।

सोमवार को पंडित सुबास चन्द्र सतपथी के सानिध्य में मंदिर परिसर में सूक्ष्म आयोजन किया गया। इस दौरान महापौर सुनील उनियाल गामा, प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, कैंट विधायक हरबंस कपूर शोभा यात्रा में मुख्य यजमान के रूप में शामिल हुए व भगवान का आशीर्वाद लिया। इस मौके पर अशोक वर्मा, महानगर कांग्रेस के अध्यक्ष लालचंद शर्मा व अनिल वर्मा आदि मौजूद रहे।

रथ यात्रा के संयोजक संजय गर्ग ने बताया कि हर वर्ष भव्य रूप से भगवान जगन्नाथ की यात्रा शहरभर में निकाली जाती है। जिसमें हजारों की संख्या में भक्त रथ खींचकर पुण्य के भागीदार बनते हैं। भगवान जगन्नाथ के अलावा भाई बलभद्र, बहन सुभद्रा भी उनके साथ रथ पर सवार होकर निकलते हैं। इस बार कोविड-19 को लेकर प्रशासन की ओर से जारी गाइडलाइन को ध्यान में रखते हुए यात्रा परिसर में ही सादगी के साथ निकाली गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *