स्‍वर कोकिला लता के निधन से शोक में डूबा देश

नई दिल्ली। भारत रत्न और बालीवुड की लेजेंड्री सिंगर लता मंगेशकर का रविवार को निधन हो गया है। राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा, ‘भारत रत्न, लता-जी की उपलब्धियां अतुलनीय रहेंगी।’

वहीं, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी दुख व्यक्त करते हुए कहा कि लता दीदी देश में एक खालीपन छोड़ गई हैं, जिसे भरा नहीं जा सकता है। पीएम ने कहा कि उनके निधन से मैं पीड़ा में हूं।

प्रधानमंत्री ने एक के बाद एक कई ट्वीट किए और सिंगर के साथ बिताए पुराने दिनों को याद किया। एक ट्वीट में उन्होंने लिखा, लता दीदी के गानों ने कई तरह की भावनाओं को उभारा है।

उन्होंने दशकों तक भारतीय फिल्म जगत के बदलावों को करीब से देखा। वह हमेशा भारत के विकास के बारे में भावुक थीं। वह हमेशा एक मजबूत और विकसित भारत देखना चाहती थीं।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने ट्वीट कर लता मंगेशकर के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने कहा कि देश की शान लता मंगेशकर जी का जाना अपूरणीय क्षति है। पुण्यात्मा को मेरी भावभीनी श्रद्धांजलि।

केंद्रीय मंत्री ने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘लता दीदी प्रखर देशभक्त थी। स्वातंत्र्यवीर सावरकर जी की विचारधारा पर उनकी हमेशा ही दृढ़ श्रद्धा रही है। उनका जीवन अनेक उपलब्धियों से भरा रहा है। लता जी हमेशा ही अच्छे कामों के लिए हम सभी को प्रेरणा देती रही हैं। भारतीय संगीत में उनका योगदान अतुलनीय है।’

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लता मंगेशकर के निधन पर दुख जताते हुए कहा, उनका जाना मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है। उन्होंने कहा, संगीत जगत में महान गायिका के योगदान को शब्दों में बयां करना संभव नहीं है।

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी लता मंगेशकर निधन पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा, ‘हर संगीत प्रेमी के हृदय में निवास करने वाली स्वरकोकिला, भारत रत्न लता मंगेशकर जी का निधन हृदय विदारक है।

यह संपूर्ण कला जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने चरणों मे स्थान दें। लता दीदी के परिजनों और विश्वभर में फैले करोड़ों प्रशंसकों के प्रति संवेदनाएं। ॐ शांति!’

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लता मंगेशकर के निधन पर कहा, ‘लता दीदी आपके बिना इस देश के गीत और संगीत सूने हैं। आपकी कमी कभी कोई पूरा नहीं कर सकता है। गीत संगीत की देवी मानकर हमेशा आपकी पूजा करते रहेंगे। लता दीदी के चरणों में विनम्र प्रणाम।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *