बर्फ की फुहारें देख खिले सैलानियों के चेहरे

नैनीताल: सरोवर नगरी की ऊंची चायनापीक की चोटी पर मौसम का पहला व हल्का हिमपात हो गया। जबकि नगर क्षेत्र में बर्फ के फुहारों के साथ ओले गिरे। शुक्रवार सुबह के समय हिमपात से सैलानियों के चेहरे खिल उठे।

चायनापीक समेत किलबरी व छाया वाले क्षेत्र में बर्फ की चादर सी बिछ गई। नगर के निचले क्षेत्र में ओले गिरने से प्रतीत होने लगा कि अब हिमपात भी देखने को मिलेगा, लेकिन बर्फबारी का यह मिजाज अधिक समय बना नहीं रह सका और हिमपात थम गया और तापमान अधिक होने के कारण बर्फ जल्द ही पिघल गई। जिस कारण सैलानियों का खुशी कुछ ही देर में सिमट गई।

मौसम ने पुनः करवट बदली और मौसम भी साफ हो गया। धूप निकल आई और कुछ ही देर में बर्फ भी पिघल गई। इसके बाद धूप-छांव का खेल शुरू हो गया। मौसम में आए बदलाव से बेतहाशा ठंड पड़नी शुरू हो गई है। ठंड से राहत पाने के लिए लोगों को हीटर व आग का सहारा लेना पढ़ रहा है।

इधर मौसम विभाग राज्य निदेशक डाक्‍टर बिक्रम सिंह के अनुसार ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात व बारिश के आसार बने हुए हैं। शुक्रवार रात तक मौसम पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय रहने की संभावना है।

शनिवार दिन से मौसम में सुधार आ जाएगा। नैनीताल के पूर्व पालिकाध्यक्ष मुकेश जोशी मंटू के अनुसार चायना पीक व किलबरी में एक इंच तक बर्फ पड़ी।

वहीं गुरुवार रात देहरादून जिले के चकराता क्षेत्र के लोखंडी में सीजन की पहली बर्फबारी होने से लोगों के चेहरे खिल उठे। जबकि पछवा दून में हल्की बारिश होने से किसानों ने राहत महसूस की।

लंबे समय से किसान सूखी ठंड पड़ने से परेशान थे। गुरुवार रात में मौसम का मिजाज बदला और चकराता क्षेत्र में बर्फबारी शुरू हो गई। सुबह जब लोग नींद से जागे चारों तरफ बर्फ से ढकी पहाड़ियां देखकर ग्रामीणों के चेहरे खिल उठे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *