कोरोना: उत्तराखंड की स्थिति चिंताजनक

देहरादून। उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण की बढ़ती रफ्तार चिंता का सबब बनी हुई है। पिछले कुछ दिन से मैदान से लेकर पहाड़ तक रोजाना नए मामले मिल रहे हैं। शुक्रवार को भी प्रदेश में 186 लोग संक्रमित मिले हैं, जबकि एक मरीज की मौत भी हुई है। हिमालयन अस्पताल जौलीग्रांट में 81 वर्षीय एक बुजुर्ग महिला ने दम तोड़ा है।

स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार सरकारी और निजी लैब से 13432 मामलों की जड्डांच रिपोर्ट प्राप्त हुई है। जिनमें 13246 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। देहरादून में सबसे अधिक 65 लोग कोरोना संक्रमण की चपेट में आए हैं। हरिद्वार में भी 58 व्यक्तियों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।

इसके अलावा टिहरी में 18, नैनीताल में 14, ऊधमसिंहनगर में सात, उत्तरकाशी में छह, अल्मोड़ा व पौड़ी में पांच-पांच, चमोली में चार, रुद्रप्रयाग में तीन व बागेश्वर में एक व्यक्ति संक्रमित मिला है। चंपावत व पिथौरागढ़ में कोरोना संक्रमण का नया मामला नहीं मिला है। इधर, विभिन्न जिलों में 161 मरीज ठीक भी हुए हैं।

बता दें कि अभी तक प्रदेश में कोरोना के 99 हजार 258 मामले आए हैं। जिनमें 94916 लोग स्वस्थ्य हो चुके हैं। निरंतर मामले बढऩे से सक्रिय मामले भी बढ़ने लगे हैं। वर्तमान में प्रदेश में 1162 सक्रिय मामले हैं। वहीं कोरोना संक्रमित 1708 मरीजों की मौत भी अब तक हो चुकी है।

कोरोना की बढ़ती रफ्तार के बीच टीकाकरण का ग्राफ भी लगातार बढ़ रहा है। शुक्रवार को भी सभी जनपदों में टीकाकरण का कार्य चला है। टीकाकरण के लिए अलग-अलग चिकित्सा इकाईयों में बनाए गए 510 केंद्रों पर 24 हजार 330 व्यक्तियों को कोरोना का टीका लगा है। इनमें सबसे अधिक 19800 लोग साठ साल से अधिक उम्र के रहे हैं।

वहीं, 45 से 59 साल उम्र के 2010 व्यक्तियों को भी टीका लगा है। इसके अलावा 619 स्वास्थ्य कर्मियों और 1901 फ्रंटलाइन वर्कर्स का भी टीकाकरण हुआ है। इस तरह प्रदेश में अब तक एक लाख 20 हजार 41 व्यक्तियों का पूर्ण टीकाकरण (वैक्सीन की दोनों डोज) हो चुका है। साठ साल से अधिक उम्र के दो लाख 96 हजार से अधिक व्यक्तियों को भी वैक्सीन की पहली डोज लग चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *