कोहरे से थमी रफ्तार, उड़ानों पर असर

देहरादून: उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में घना कोहरा छाने से रोडवेज की बसों की रफ्तार धीमी पड़ गई है। रात के समय चलने वाली दिल्ली और हल्द्वानी रूट की बसें डेढ़ से दो घंटे देरी से पहुंच रही हैं, जिस कारण यात्रियों को परेशानी हो रही है।

उधर, खराब मौसम के कारण हवाई सेवाएं भी प्रभावित हुईं। शनिवार को जौलीग्रांट हवाई अड्डे पर दो उड़ानें रद हुईं और चार फ्लाइट लेट हुईं। रोडवेज की 60 फीसदी बसें दून, ऋषिकेश, कोटद्वार, हरिद्वार और कुमाऊं क्षेत्र से दिल्ली रूट पर चलती हैं।

कोहरे के कारण बसें देरी से पहुंच रही हैं। देहरादून आईएसबीटी बस स्टैंड पर तैनात कर्मचारी नेता केपी सिंह ने बताया कि दिल्ली की बसें डेढ़ घंटे देरी से आ रही है। जबकि, हल्द्वानी की बसें दो घंटे लेट हो रही हैं। हालांकि, ट्रेनों पर कोहरे का कोई असर नहीं है। स्टेशन अधीक्षक शशांक शर्मा ने बताया कि दून आने और यहां से जाने वाली सभी ट्रेनें निर्धारित समय पर आ जा रही हैं।

खराब मौसम के कारण शनिवार को जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर दो फ्लाइटें रद्द रही, जबकि चार फ्लाइट लेट रहीं। डोईवाला और आसपास क्षेत्र में दोपहर तक घना कोहरा छाया रहता है। ऐसे में विजिबिलिटी काफी कम हो रही है। एयरपोर्ट के डायरेक्टर प्रभाकर मिश्रा ने बताया कि, शनिवार को सुबह 10 बजे मुंबई से देहरादून आने वाली इंडिगो की फ्लाइट और सुबह 10:30 बजे दिल्ली से जौलीग्रांट आने वाली इंडिगो की फ्लाइट रद रहीं।

जबकि सुबह 7:40 बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट से दिल्ली जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट खराब मौसम के चलते दोपहर 12: 30 बजे रवाना हुई। सुबह 9:55 पर दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली इंडिगो की फ्लाइट 12:50 बजे उड़ान भर पाई। दिल्ली और अहमदाबाद जाने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट भी लेट हुईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *